Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Vladimir Putin net worth : आलीशान महल से लेकर विमान और लग्जरी याच तक, कितनी दौलत है पुतिन के पास?

व्लादिमीर पुतिन ने रूस के राष्ट्रपति चुनाव में पांचवीं बार जीत हासिल की है। उन्हें कुल 87.97 फीसदी वोट मिले हैं। 71 साल के पुतिन पहली बार 1999 में सत्ता में आए थे। अब वह अगले छह साल यानी 2030 तक अपने पद पर रहेंगे। आइए जानते हैं कि पिछले 25 साल से सत्ता में काबिज पुतिन के कितनी दौलत है।

By Suneel Kumar Edited By: Suneel Kumar Updated: Mon, 18 Mar 2024 08:32 PM (IST)
Hero Image
पुतिन के पास करीब 200 अरब डॉलर की संपत्ति होने का दावा किया जाता है।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने तीन दिनों तक चली चुनावी प्रक्रिया में रिकॉर्ड जीत हासिल की है। अब वह पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति बनेंगे। पुतिन ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। उन्हें कुल 87.97 फीसदी वोट मिले हैं।

71 साल के पुतिन पहली बार 1999 में सत्ता में आए थे। अब वह अगले छह साल यानी 2030 तक अपने पद पर रहेंगे। इसी के साथ पुतिन रूस के सर्वकालिक महान नेता माने जाने जोसेफ स्टालिन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। और रूस के 200 वर्षों से अधिक के इतिहास में सबसे ज्यादा वक्त तक सत्ता पर काबिज रहने वाले नेता बन जाएंगे।

आइए जानते हैं कि पिछले 25 वर्षों से रूस पर शासन कर रहे पुतिन के पास कितनी दौलत है।

पुतिन की आधिकारिक संपत्ति कितनी है?

पुतिन की आधिकारिक संपत्ति अधिक नहीं है। उनकी सालाना कमाई सिर्फ एक लाख 40 हजार डॉलर यानी एक करोड़ रुपये से कुछ ही अधिक। जायदाद के नाम पर सेंट पीटर्सबर्ग में एक अपार्टमेंट। पुराने जमाने की दो कारें, एक ट्रक और एक कार ट्रेलर।

पुतिन ने 2017 में खुद भी अपनी संपत्ति का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनके दो अपार्टमेंट हैं और एक गैराज। एक 1500 वर्गमीटर का प्लॉट है, तीन गाड़ियां।

क्या पुतिन के पास अरबों का महल है?

पुतिन की आधिकारिक दौलत भले ही कम नजर आए, लेकिन उनके विरोधियों का दावा है कि वह अथाह संपत्ति के मालिक हैं। अलेक्स नवलनी (Alexei Navalny) को रूस में पुतिन विरोध का चेहरा माना जाता था, जिनकी राष्ट्रपति चुनाव से कुछ समय पहले जेल में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई।

नवलनी के एंटी करप्शन फाउंडेशन ने साल 2021 में दो घंटे का एक वीडियो जारी किया था। इसमें दावा किया गया था कि पुतिन के पास हजारों करोड़ की संपत्ति है। इसमें एक महल भी शामिल है, जिसकी कीमत भारतीय रुपये में करीब सौ अरब बैठती है।

फाउंडेशन के वीडियो के मुताबिक, पुतिन का महल ब्लैक सी के पास है, जहां हजारों लोग काम करते हैं। लेकिन, प्राइवेसी इतनी अधिक है कि उन्हें बेसिक फोन तक लाने की इजाजत नहीं। इसमें जिम, स्विमिंग पूल, कैसिनो और चर्च के साथ ही इमरजेंसी के लिए एक तहखाना भी है।

मस्क, बेजोस से भी अमीर हैं पुतिन?

ब्रिटेन के फाइनैंसर और पॉलिटिकल एक्टिविस्ट बिल ब्राउडर (Bill Browder) किसी जमाने में रूस में सबसे बड़े फॉरेन पोर्टफोलियो इनवेस्टर (FPI) थे। वहां पर उन्होंने खूब पैसे छापे और रूसी सत्ता के काफी करीब पहुंच गए। लेकिन, बाद में वह रूस के धुर विरोधी हो गए और उसके राज खोलने लगे।

बिल ने 2017 में अमेरिकी सिनेट में बताया कि पुतिन की कुल दौलत करीब 200 अरब डॉलर है। मतलब कि जेफ बेजोस, एलन मस्क, बिल गेट्स और गौतम अदाणी जैसे रईसों से भी ज्यादा दौलतमंद हैं पुतिन। अगर बिल की मानें, तो आज की तारीख में फ्रांसीसी फैशन दिग्गज Louis Vuitton के फाउंडर बर्नार्ड अरनॉल्ट के बाद दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं पुतिन।

बिल ने यह भी दावा किया पुतिन के पास 70 अरब डॉलर की संपत्ति है। उन्होंने कई बड़ी रूसी कंपनियों में निवेश कर रखा है, खासकर ऑयल कंपनियों में।

पुतिन को लुभाती हैं बेशकीमती घड़ियां

अमेरिका की प्रतिष्ठित मैगजीन 'फॉर्च्यून' की एक रिपोर्ट दावा करती है कि पुतिन के पास 19 से ज्यादा घर और करीब 700 कारें हैं। 58 विमान हैं और 'द फ्लाइंग क्रेमलिन' नाम का एक हेलीकॉप्टर भी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन के पास साढ़े 900 करोड़ रुपये से ज्यादा दाम वाली एक भव्य याच है। रूसी राष्ट्रपति लग्जरी घड़ियों के भी काफी शौकीन बताए जाते हैं। उनके पास अनगिनत घड़ियां हैं, जिनकी कीमत 60 हजार से लेकर 5 लाख डॉलर तक है।