Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मैन्युफैक्चरिंग में तेजी से औद्योगिक जिंसों के दाम में मजबूती, बढ़ सकते हैं कई उत्पादों के दाम

सोना व चांदी के बाद अब तांबा जिंक निकल जैसी औद्योगिक वस्तुओं की कीमतों में भी तेजी दर्ज की जा रही है। वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तांबे की कीमत 15 माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई और इसके साथ जिंक निकल एल्युमीनियम जैसे जिंसों में भी तेजी का रुख देखा जा रहा है। चीन और अमेरिका में लंबे वक्त बाद मैन्युफैक्चरिंग में तेजी देखी गई है।

By Jagran News Edited By: Suneel Kumar Updated: Tue, 09 Apr 2024 08:21 PM (IST)
Hero Image
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तांबे की कीमत 15 माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सोना व चांदी के बाद अब तांबा, जिंक, निकल जैसी औद्योगिक वस्तुओं की कीमतों में भी तेजी दर्ज की जा रही है। वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तांबे की कीमत 15 माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई और इसके साथ जिंक, निकल, एल्युमीनियम जैसे जिंसों में भी तेजी का रुख देखा जा रहा है।

मंगलवार को तांबे की कीमत 824 रुपए प्रति किलोग्राम, जिंक 231 रुपए प्रति किलोग्राम तो एल्युमीनियम के भाव 227 रुपए प्रति किलोग्राम बताए गए। इस साल तांबे की कीमत में अब तक 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। जानकारों के मुताबिक चीन व अमेरिका दोनों ही जगहों पर मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में फिर से तेजी आ रही है।

चीन में छह माह के बाद तो अमेरिका में डेढ़ साल के बाद मैन्युफैक्चरिंग में तेजी देखी गई है। चीन इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन तेज गति से बढ़ा रहा है जिससे तांबे की मांग बढ़ रही है। मैन्युफैक्चरिंग बढ़ने से अमेरिका में भी औद्योगिक जिंसों की खपत बढ़ने जा रही है।

भारत में पहले से ही मैन्युफैक्चरिंग का लगातार विस्तार हो रहा है और गत मार्च में तो भारत का मैन्युफैक्चरिंग परचेजिंग मैनेजर इंडेक्स (पीएमआई) 16 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। औद्योगिक जिंसो के दाम में तेजी से एसी, फ्रिज, कार जैसे कई आइटम के दाम अगले एक-दो महीनों में तेज होने की आशंका है।

मैन्युफैक्चरर्स के पास औद्योगिक जिंसों के पुराने स्टॉक होने से इनके दाम में लगातार एक-दो माह तक तेजी रहने पर ही ग्राहकों पर इसका असर दिखेगा। पावर केबल व इलेक्ट्रिक वायर बनाने वाली कई कंपनियों ने तो अपनी लागत की समीक्षा शुरू कर उसे अपने ग्राहकों पर डालना भी शुरू कर दिया है। हालांकि इससे खुदरा ग्राहक प्रभावित नहीं होंगे।

औद्योगिक धातुओं के दाम बढ़ने से इन कंपनियों के शेयर भाव में भी मजबूती चल रही है। मंगलवार को हिन्दुस्तान जिंक के शेयर भाव में 18 प्रतिशत की तेजी रही। औद्योगिक जिंसों से जुड़ी कंपनियां जिंदल स्टील, जेएसडब्ल्यू, टाटा स्टील, नाल्को व हिंडाल्को जैसी कंपनियों के शेयर भाव में भी तेजी देखी गई है।

यह भी पढ़ें : Manufacturing Growth : पांच महीने के उच्च स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की ग्रोथ, जानें कैसे बढ़ी डिमांड?