Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Company Registration: वित्त वर्ष 2023-24 में 1.85 लाख नई कंपनियों का रजिस्ट्रेशन, जानें कौन से राज्य रहे आगे

पिछले साल अप्रैल से लेकर इस साल 31 मार्च तक नई कंपनियों के पंजीयन में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी मामले मंत्रालय के मुताबिक वित्त वर्ष 2023-24 में 185312 नई कंपनियों का पंजीयन किया गया। वित्त वर्ष 2022-23 में 159294 कंपनियों का पंजीयन किया गया था। महाराष्ट्र उत्तर प्रदेश व दिल्ली में सबसे अधिक कंपनियों का पंजीयन हुआ।

By Jagran News Edited By: Suneel Kumar Updated: Fri, 03 May 2024 08:14 PM (IST)
Hero Image
वित्त वर्ष 2022-23 में 1,59,294 कंपनियों का पंजीयन किया गया था।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अर्थव्यवस्था में तेजी को देखते हुए पिछले साल अप्रैल से लेकर इस साल 31 मार्च तक नई कंपनियों के पंजीयन में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी मामले मंत्रालय के मुताबिक वित्त वर्ष 2023-24 में 1,85,312 नई कंपनियों का पंजीयन किया गया। वित्त वर्ष 2022-23 में 1,59,294 कंपनियों का पंजीयन किया गया था।

वित्त वर्ष 2023-24 में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश व दिल्ली में सबसे अधिक कंपनियों का पंजीयन हुआ। कुल पंजीयन में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 17.6 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश की 11.1 प्रतिशत तो दिल्ली की 9.2 प्रतिशत रही। सबसे बड़ी बात है कि गत वित्त वर्ष में जम्मू-कश्मीर में 1433 नई कंपनियों का पंजीयन किया गया जो वहां कारोबारी गतिविधियों में तेजी को दर्शा रहा है।

वित्त वर्ष 2023-24 में विभिन्न सेक्टर में पंजीकृत होने वाली नई कंपनियों की संख्या

निर्माण 11,560
कृषि व इससे जुड़ी हुई  10,751
वित्तीय मामले 6,373
ट्रांसपोर्ट, स्टोरेज व संचार 10,794
रियल एस्टेट एवं रेंटिंग 8369
बिजली, पानी गैस सप्लाई 3,256
खनन संबंधित 841

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अभी देश में 16,91,495 पंजीकृत कंपनियां काम कर रही हैं। 9,31,644 पंजीकृत कंपनियां बंद पड़ी हैं। गत वित्त वर्ष 23-24 में सबसे अधिक समुदाय, निजी एवं सामाजिक सेवा के लिए 49,241 नई कंपनियों का पंजीयन हुआ। बिजनेस सर्विस के लिए 27,853 तो मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 27,193 नई कंपनियां पंजीकृत हुई। विभिन्न प्रकार की ट्रेडिंग के प्रति भी लोगों का रुझान तेजी से बढ़ रहा है।

गत वित्त वर्ष में ट्रेडिंग से जुड़ी 29,042 नई कंपनियां पंजीकृत हुई जबकि वित्त वर्ष 22-23 में ट्रेडिंग से जुड़ी 20,429 कंपनियों का पंजीयन किया गया था। निर्माण, कृषि एवं संबंधित, ट्रांसपोर्ट, स्टोरेज व संचार, बिजली, गैस व पानी आपूर्ति जैसे सेक्टर में भी नई कंपनियां पंजीकृत हुई।

युवा बन रहे हैं कंपनियों के निदेशक

कंपनी मामले मंत्रालय के मुताबिक कंपनियों में युवा निदेशक का चलन बढ़ता जा रहा है। मंत्रालय के मुताबिक इस साल मार्च में 42,041 DIN (डायरेक्टर आइडेंटिफिकेशन नंबर) का पंजीयन किया गया और इनमें से 67 प्रतिशत निदेशक पुरुष तो 33 प्रतिशत महिलाएं थी। मंत्रालय के मुताबिक पंजीकृत होने वाले 30 प्रतिशत नए निदेशक की उम्र 18-30 साल तो 43 प्रतिशत की उम्र 31-45 साल है। सात प्रतिशत नए निदेशक 60 साल से अधिक उम्र के हैं।

यह भी पढ़ें : Forex Reserve: लगातार तीसरे सप्ताह घटा विदेशी मुद्रा भंडार, जानें क्या है इस गिरावट की वजह