Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

174 साल पहले आज ही के दिन शुरू हुआ था अमेरिका का पहला डिपार्टमेंटल स्टोर, 'मार्बल पैलेस' की भूली-बिसरी कहानियां

14 सिंतबर को अमेरिका के पहले डिपार्टमेंटल स्टोर मार्बल पैलेस की शुरुआत हुई थी। उभरती हुई अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए यह एक दिलचस्प प्रयोग था जिसे इसके निर्माता एलेक्जेंडर स्टीवर्ट ने सफलतापूर्वक लागू किया। उन्हें फादर ऑफ डिपार्टमेंटल स्टोर कहा जाता है।

By Siddharth PriyadarshiEdited By: Updated: Wed, 14 Sep 2022 08:04 PM (IST)
Hero Image
The first US department store Marble Palace known as sun building

नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। 14 सितंबर की तारीख भारत के लिए बहुत खास है। आज हम हिंदी दिवस मनाते हैं। राजभाषा के प्रचार-प्रसार के लिए नीति नियंताओं ने इस दिन विश्व हिंदी दिवस मनाने का निश्चय किया था। लेकिन 14 सितंबर दुनिया के लिए भी बहुत खास है। दरअसल, आज ही के दिन 1848 में पहला डिपार्टमेंटल स्टोर अमेरिका में शुरू हुआ था।

अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में स्थित यह डिपार्टमेंटल स्टोर इतिहास के पन्नों में दर्ज है। शानदार बिल्डिंग और उस जमाने के हिसाब से लक-दक सुविधाओं से युक्त इस डिपार्टमेंटल स्टोर को 'मार्बल पैलेस' की उपाधि दी गई थी। इसकी शुरुआत एलेक्जेंडर स्टीवर्ट ने की थी। उन्हें 'फादर ऑफ डिपार्टमेंट स्टोर' कहा जाता है।

'मार्बल पैलेस' या 'बॉन मार्शे'

हालांकि इस बात पर बहस की पर्याप्त गुंजाइश है कि न्यूयार्क का 'मार्बल पैलेस' दुनिया का पहला डिपार्टमेंटल स्टोर है या पेरिस का 'बॉन मार्शे'। 'बॉन मार्शे' 19वीं शताब्दी की शुरुआत में एक छोटी सी दुकान के रूप में शुरू हुआ था। बहुत से लोग इसे ही पहला डिपार्टमेंट स्टोर मानते हैं। इस बारे में एक और जानकारी मिलती है। ब्रिटानिका डॉट कॉम के मुताबिक, जॉन वानमेकर ने 1875 में फिलाडेल्फिया में रेल-फ्रेट डिपो खरीदकर उसे विशेष खुदरा व्यापारियों की जरूरतों के मुताबिक ढाला और संयुक्त राज्य अमेरिका में डिपार्टमेंटल स्टोर की अवधारणा को आगे बढ़ाया।

स्टीवर्ट स्टोर यानी 'सन बिल्डिंग'

स्टीवर्ट स्टोर, जिसे अब 'सन बिल्डिंग' के नाम से जाना जाता है, 1845-46 में न्यूयॉर्क के आर्किटेक्ट जोसेफ ट्रेंच और जॉन बी स्नूक द्वारा उस जमाने के मशहूर व्यापारी अलेक्जेंडर टर्नी स्टीवर्ट (12 अक्टूबर, 1803 - 10 अप्रैल, 1876) के लिए बनाया गया था। मशहूर 280 ब्रॉडवे पर स्थित यह शानदार इमारत मार्बल पैलेस के नाम से जानी जाती थी। यह मैनहटन की सबसे महत्वपूर्ण 19वीं सदी की इमारतों में से एक है। इसे अमेरिका का पहला डिपार्टमेंट स्टोर माना जाता है। इसने व्यापारिक भवनों के निर्माण के लिए एक नया वास्तुशिल्प पेश किया।

इस डिपार्टमेंटल स्टोर का मूल नाम एक आयरिश अप्रवासी अलेक्जेंडर टर्नी स्टीवर्ट के नाम पर रखा गया था। वह अपने जमाने का मशहूर व्यापारी था, जिसकी गिनती 19वीं सदी की शुरुआत में संयुक्त राज्य अमेरिका के धनाढ्य लोगों में होती थी। पहले 283 ब्रॉडवे, 262 ब्रॉडवे और फिर 257 ब्रॉडवे पर स्टोरफ्रंट का संचालन करते हुए स्टीवर्ट ने यह सीखा कि कैसे सूखे माल और घरेलू साजो-सामान के व्यवसाय को विकसित किया जाए।

जब तैयार हुआ मार्बल पैलेस

स्टीवर्ट ने अक्टूबर 1844 में ब्रॉडवे और रीडे स्ट्रीट्स के दक्षिण-पूर्व कोने पर भूमि का अधिग्रहण किया और अप्रैल 1845 की शुरुआत में एक बड़े स्टोर का निर्माण शुरू कर दिया। शुरू में यह एक मंजिला इमारत फेडरलिस्ट पार्टी का मुख्यालय थी। जब संगमरमर से सजी इस राजसी इमारत को 21 सितंबर, 1846 को आम जनता के लिए खोला गया तो लोगों का हुजूम इसे दखने के लिए टूट पड़ा। इसने आस-पड़ोस की सड़कों और इमारतों का पूरा परिदृश्य ही बदल दिया।

स्टीवर्ट द्वारा निर्मित यह इमारत इतालवी शैली में बनी हुई थी। इसने यूएसए के लिए वास्तुशिल्प का एक नया मॉडल ईजाद किया। शुरू में मार्बल हाउस चार मंजिला थी। 1848 तक स्टीवर्ट के इस महल ने न्यूयार्क शहर पर एक अमिट छाप छोड़ी और वह अमेरिका के सबसे धनी व्यक्तियों में से एक बन गए। स्टीवर्ट ने संगमरमर से बनी इमारत को डिजाइन करने के लिए काम किया। इसको बनाने में अकूत पैसा खर्च हुआ था। मई 1850 के बाद इसमें पांचवीं मंजिल जोड़ी गई। देश के पहले डिपार्टमेंट स्टोर के रूप में 280 ब्रॉडवे न्यूयॉर्कर्स और पर्यटकों के लिए सबसे वांछनीय और आकर्षक स्थलों में से एक बन गया।

ग्राहकों के लिए खास ऑफर

स्टीवर्ट ने अपने स्टोर में बिकने वाले  सभी सामानों की कीमत निश्चित कर दीं। ऑफर और फैशन शो के माध्यम से उसने महिला ग्राहकों को आकर्षित किया। चार साल बाद 1859 में स्टीवर्ट ने इस ब्लॉक पर अपना अगला प्रोजेक्ट तैयार करना शुरू किया जो खुदरा बाजार पर केंद्रित था।

नवाचार का स्मारक

1876 ​​​​में स्टीवर्ट की मृत्यु हो गई, लेकिन ब्रॉडवे और 10वीं स्ट्रीट पर स्टीवर्ट एंड कंपनी का स्टोर छह साल तक चलता रहा। हिल्टन, ह्यूजेस एंड कंपनी ने 1882 में इसका ऑपरेशन संभाला, लेकिन चार साल बाद वे असफल हो गए। उसके बाद फिलाडेल्फिया में जॉन वानमेकर (1839-1922) द्वारा स्थापित वानमेकर्स डिपार्टमेंट स्टोर, 1896 में इसी जगह स्थानांतरित हो गया।

आज इस स्थान पर जो 21-मंजिला अपार्टमेंट इमारत खड़ी है, उसे सिल्वन बिएन द्वारा डिजाइन किया गया है। स्टीवर्ट हाउस न केवल एक ऐतिहासिक विरासत है, बल्कि अमेरिकी वास्तुशिल्प की भव्यता और वाणिज्यिक नवाचार का स्मारक भी है।