Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

NDA Meeting: 10 भाजपा सांसदों में से मोदी कैबिनेट के लिए आधे दावेदार, आज दिल्ली में होगा मंथन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीसरी पारी में छत्तीसगढ़ से कई नेता केंद्रीय मंत्री व केंद्रीय राज्यमंत्री के लिए दावेदार हैं। भाजपा को प्रदेश की सामाजिक-जातिगत समीकरण साधने के लिए इन नामों पर विचार करना होगा। मोदी कैबिनेट में प्रदेश को प्रतिनिधित्व कितना मिलेगा यह जल्द ही तय हो जाएगा। शुक्रवार को दिल्ली में नरेन्द्र मोदी को पीएम नेता चुनने के लिए संसदीय दल की बैठक है।

By Sandeep Tiwari Edited By: Jeet Kumar Updated: Fri, 07 Jun 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
10 भाजपा सांसदों में से मोदी कैबिनेट के लिए आधे दावेदार (फाइल फोटो)

जेएनएन, रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीसरी पारी में छत्तीसगढ़ से कई नेता केंद्रीय मंत्री व केंद्रीय राज्यमंत्री के लिए दावेदार हैं। इनमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कैबिनेट के शिक्षा मंत्री व आठ बार के विधायक और अब रायपुर के सांसद बने बृजमोहन अग्रवाल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के करीबी व दूसरी बार सांसद बने राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय, ओबीसी वर्ग का बड़ा चेहरा व दुर्ग के सांसद विजय बघेल और महिलाओं में से महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी व जांजगीर-चांपा से एकमात्र एससी सीट से सांसद बनीं कमलेश जांगड़े शामिल हैं।

इन नामों पर विचार करना होगा

भाजपा को प्रदेश की सामाजिक-जातिगत समीकरण साधने के लिए इन नामों पर विचार करना होगा। मोदी कैबिनेट में प्रदेश को प्रतिनिधित्व कितना मिलेगा, यह जल्द ही तय हो जाएगा। शुक्रवार को दिल्ली में नरेन्द्र मोदी को पीएम नेता चुनने के लिए संसदीय दल की बैठक है।

इसके लिए गुरुवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, नव निर्वाचित सांसदों में बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय, विजय बघेल, तोखन साहू, रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े, भोजराज नाग, महेश कश्यप, चिंतामणि महराज और राधेश्याम राठिया दिल्ली रवाना हो गए।

प्रदेश का प्रतिनिधित्व बढ़े अच्छी बात होगी

विजय शर्मा दिल्ली रवाना होने से पहले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र में जितने लोगों को प्रतिनिधित्व मिले, छत्तीसगढ़ के लिए उतना अच्छा है। प्रदेश का प्रतिनिधित्व बढ़े, अच्छी बात होगी, कुछ न कुछ अच्छा ही होगा।