Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bhilai News: पुलिस के सामने सभापति पर बजरंगी को पीटने का आरोप, विधायक समेत सैकड़ों भाजपाइयों ने थाना घेरा

Bhilai News सोमवार की रात भिलाई में सियासी हंगामा हो गया। भाजपा ने भिलाई चरोदा निगम के सभापति पर बजरंग दल कार्यकर्ता को पीटने का आरोप लगाया। आरोप है कि थाने ले जाकर उसे पुलिस के सामने पीटा गया। भाजपा के विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया। इसके बाद पुलिस ने सभापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 27 Aug 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
पुलिस ने सभापति के खिलाफ दर्ज की एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

 जेएनएन, भिलाई। बीते 24 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व उनके सुरक्षा कर्मियों से दुर्व्यवहार मामले में बड़ा विवाद सोमवार की शाम को हो गया। आरोप है कि भिलाई चरोदा निगम सभापति कृष्णा चंद्राकर ने मामले में बजरंगदल कार्यकर्ता अमित लखवानी को नगर पालिका के पास स्थित जिम के पास से पकड़कर भिलाई-तीन थाने लाकर पुलिस के सामने ही उसकी पिटाई कर दी। इसकी जानकारी लगते ही भाजपाई भड़क गए और थाने का घेराव कर दिया।

सभापति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

देर रात समाचार लिखे जाने तक थाना परिसर में विवाद स्थिति बनी रही। वहीं हंगामें के बाद सभापति के विरुद्ध पुलिस ने देर रात प्राथमिकी दर्ज की। मामले की जानकारी होते ही वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन व भाजपा जिलाध्यक्ष महेश वर्मा भी मौके पर पहुंच गए थे। स्थिति को देखते हुए अन्य थानों व पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुला लिया गया था।

यह भी पढ़ें: साढ़े तीन साल की बच्ची की गला रेतकर हत्या, शव को ट्रॉली बैग में भरकर फेंका; मां और उसके प्रेमी पर शक

भाजपा का आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व उनके सुरक्षा कर्मियों से दुर्व्यवहार मामले में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी लेने शाम छह बजे के करीब निगम महापौर निर्मल कोसरे व सभापति कृष्णा चंद्राकर थाने पहुंचे थे। वहां उन्होंने मामले में अब तक की गई गिरफ्तारी की जानकारी थाना प्रभारी से मांगी।

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच चल रही है। इसके बाद सभापति कृष्णा चंद्राकर वहां से निकले और कुछ देर में ही बजरंग दल के एक कार्यकर्ता को पकड़ कर लाया। भाजपा का आरोप है कि उक्त युवक को सभापति पीटते हुए थाने लाए। इसकी जानकारी लगते ही रात में भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। सैकड़ों कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और सभापति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे थे। अपराध दर्ज होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता वहां से हटे।

यह है पूरा मामला

बीते 24 अगस्त को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद बजरंग दल के लोग सिरसा गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काफिला दुर्ग के लिए रवाना हो रहा था। प्रदर्शन के चलते चौक पर लगे जाम को देखकर पूर्व सीएम बघेल प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे तो प्रदर्शनकारियों ने उग्र होकर उनके खिलाफ ही नारेबाजी शुरू कर दी। इसके साथ ही भूपेश बघेल व उनके सुरक्षा कर्मियों के साथ झूमाझटकी भी हुई थी।

इस घटना को कांग्रेसियों ने बड़ा मुद्दा बनाया और पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक बताते हुए जमकर आक्रोश व्यक्त किया। साथ ही एसपी जितेंद्र शुक्ला से मिलकर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की जाती तो वे मंगलवार को भिलाई-3 में प्रदर्शन करेंगे।

अमित लखवानी के आरोप पर कृष्णा चंद्राकर व अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। - हरीश पाटिल, सीएसपी छावनी।

मैं वहां पर उपस्थित नहीं था, मुझ पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। -निर्मल कोसरे, महापौर, भिलाई-चरोदा निगम।

कांग्रेसी गुडागर्दी कर रहे हैं, अपहरण कर रहे हैं, इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। -रिकेश सेन, विधायक, वैशाली नगर।

यह भी पढ़ें: सीबीआई ने धनबाद में डॉक्टर समेत चार को हिरासत में लिया, आय से अधिक संपत्ति का मामला