Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

CM Vishnu deo Sai Interview: कांग्रेस ने आदिवासियों को वोट बैंक समझा तो अटल-मोदी ने बढ़ाया सम्मान; सभी गारंटिया होंगी पूरी

CM Vishnu deo Sai Interview छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न मुद्दों पर बात की। इस बाबत मुख्यमंत्री से कांग्रेस की योजनाओं को लेकर भी चर्चा की। इस पर सीएम कहते हैं कि इस पर समीक्षा बाद में लिया जाएगा।। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कई प्रश्नों पर बड़ी ही बेबाकी से जवाब दिए। प्रस्तुत है मुख्यमंत्री साय से पूछे गए सवाल और उनके जवाब के प्रमुख अंश...

By Jagran NewsEdited By: Prince SharmaUpdated: Fri, 15 Dec 2023 06:30 AM (IST)
Hero Image
अब डबल इंजन की सरकार जनता ने चुनी है तो स्थिति सुधरेगी और जनता से किए गए वादे पूरे होंगे।

राज्य ब्यूरो, रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवगठित भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से ही आदिवासियों को वोट बैंक समझा, वोट बैंक की राजनीति के बीच भाजपा ही एक ऐसी पार्टी रही जिसने आदिवासियों को मान-सम्मान दिया। आज देश के सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी आदिवासी समाज से हैं। हमें इस बात पर गर्व है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने मध्यप्रदेश के आदिवासी बाहुल्य हिस्से छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाया ताकि आदिवासियों का सर्वांगीण विकास हो सके।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तो आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय बनाकर आदिवासियों के कल्याण के लिए कीर्तिमान रच दिया। मैं भी छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया की बात को चरितार्थ करते हुए छत्तीसगढ़ के विकास के लिए काम करूंंगा। कांग्रेस सरकार में चलाई गई योजनाएं आगे चलाएं या बंद करें, इस पर समीक्षा के बाद निर्णय लूंगा। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कई प्रश्नों पर बड़ी ही बेबाकी से जवाब दिए। प्रस्तुत है मुख्यमंत्री साय से पूछे गए सवाल और उनके जवाब के प्रमुख अंश:

सवाल: भाजपा ने चुनाव से पहले जो वादे पूरे किए हैं, उनका क्या होगा और आपकी प्राथमिकताएं क्या हैं ?

जवाब: निश्चित रूप से मोदी जी की सभी गारंटियां पूरी होंगी। अब डबल इंजन की सरकार जनता ने चुनी है तो स्थिति सुधरेगी और जनता से किए गए वादे पूरे होंगे। कैबिनेट की पहली बैठक में मोदी गारंटी पूरी करने का काम शुरू हो गया है। सबसे पहले जो गरीब 18 लाख आवास से वंचित हो गए थे, उन्हें आवास मिलेंगे। प्रधानमंत्री ने भी गरीबों को आवास देने का वादा किया है। हमने पहला काम 18 लाख आवास निर्माण को स्वीकृत करने का किया है।

हालांकि कांग्रेस की सरकार ने पूरे प्रदेश काे आर्थिक रूप से खोखला कर दिया है फिर पूरे प्रदेश के मतदाताओं ने भाजपा पर बहुत बड़ा विश्वास किया है, हम जनता का आभार प्रकट करते हैं। कल्पना से भी बड़ी सफलता दिलाई है। हम लोगों ने शपथ ली। ऐसे में सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आशीर्वाद देने पधारे थे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री पधारे थे। हम इन सभी के भी आभारी हैं।

सवाल: पार्टियों के लिए क्या आदिवासी वोट बैंक हैं, इस पर आपकी क्या सोच है ?

जवाब: विधानसभा चुनाव 2023 के चुनाव में आदिवासियों का हमें पूरा साथ मिला है। सरगुजा में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है और भाजपा को यहां सभी 14 सीट मिली है और बस्तर में भी 12 में आठ सीटें भाजपा को मिली। कांग्रेस की सरकार के समय आदिवासियों को हमेशा वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया जाता रहा है मगर जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को नया राज्य बनाया।

उन्होंने ट्राइबल स्टेट का निर्माण किया। आदिम जाति कल्याण मंत्रालय का गठन कर हमारी केंद्र की मोदी सरकार ने आदिवासियों के लिए पृथक से मंत्रालय बनाया। यहां भी आदिवासियों के लिए भरपूर बजट है। आदिवासी समाज का मान सम्मान भाजपा ने बढ़ाया है। हमारी पहले की सरकार ने 15 साल तक आदिवासियों के हित में काम किया। उन्हें भुखमरी से बाहर निकाला। सस्ता अनाज देने का काम शुरू किया।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह चावल वाले बाबा कहलाए, पहले तो कोदो, कुटकी और सरई का बीज खाकर आदिवासी समाज के लोगों ने जीवन बिताया। हमने आदिवासी क्षेत्रों में विकास के सभी काम किए हैं। हमें गर्व महसूस होता है कि आदिवासी समाज से देश को द्रौपदी मुर्मू के रूप में राष्ट्रपति मिली हैं। पिछली बार 2018 के चुनाव में कांग्रेस के लोकलुभावनी योजनाओं के कारण आदिवासी समाज भटकाव में आ गया था मगर इस बार कहते हैं इस बार हम नहीं ठगे गए हैं। पांच वर्षों में जो कांग्रेस ने किया उसका मजा जनता ने चखाया।

सवाल: क्या छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की चलाई योजनाएं बंद होगी?

जवाब: वर्तमान की योजनाओं को लेकर आगे बैठक लेकर इनकी समीक्षा की जाएगी। उस हिसाब से जरूरी फैसले लिए जाएंगे , जिन्हें बंद करना होगा बंद करेंगे। जो जरूरी होगी उन पर विचार किया जाएगा।

सवाल: किसानों को बोनस देने और जीरो टालरेंस पर क्या रणनीति है ?

जवाब: हमारी सरकार में भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जीरो टालरेंस पर काम करेंगे। हम जब सरकार में थे तो दो वर्ष का बोनस किसानों को बोनस नहीं दे पाए थे, निश्चित रूप से 25 दिसंबर को किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस दिया जाएगा। पीएससी घोटाले के बाबत हमारे प्रधानमंत्री जी ने कहा है। यह स्पष्ट है कि हम उचित कदम उठाएंगे। मोदी की गारंटी में हमारी पार्टी ने जो भी वादा किया है उसे पूरा किया जाएगा।

सवाल: बस्तर के नगरनार स्टील प्लांट शुरू नहीं हुआ और स्क्रैप की चोरी शुरू हो गई है, क्या करेंगे?

जवाब: नगरनार स्टील प्लांट में स्क्रैप की चोरी जो भी चोरी हो रही है, उसकी जानकारी आज ही मिली है। अभी जो भी आवश्यक कदम होगा, उठाया जाएगा। पिछली सरकार की बात छोड़ दीजिए, अब हम छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया पर काम कर इसे चरितार्थ करेंगे।

सवाल: सरकार को चलाने के लिए आपकी क्या रणनीति होगी ?

जवाब: हमारे पार्टी में कई अनुभवी लोग हैं। हम डबल इंजन की सरकार है और यह तेजी से चलेगी।

सवाल: शपथ ग्रहण के दौरान राजगीत नहीं बजने का मुद्दा कांग्रेस उठा रही है, ऐसा क्यों हुआ?

जवाब: राजगीत पर हम सम्मान का भाव रखते हैं, शपथ का कार्यक्रम राजभवन तय करता है, उसके अनुसार चलना पड़ता है।

सवाल: प्रदेश में मतांतरण पर रोक लगाने के लिए आपकी क्या रणनीति होगी ?

जवाब: पिछली सरकार ने मतांतरण को बढ़ावा दिया। हमारी सरकार विचार करेगी कि कैसे हम इस पर रोक लगाएं।

सवाल: नक्सलवाद को लेकर आपकी सरकार का अगला कदम क्या होगा ? 

जवाब: हमारी 15 साल की सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ी थी और अब भी हम मजबूती से लड़ेंगे।

यह भी पढ़ें- Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में आखिरी मिनटों में क्यों रुका मंत्रियों की शपथ का कार्यक्रम? पढ़ें इनसाइड स्टोरी

यह भी पढ़ें- IED Blast in CG: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों ने किया IED विस्फोट, बीएसएफ का एक जवान शहीद