Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Chattisgarh Naxal Attack: 'माओवाद खत्म होने तक जारी रहेगी हमारी लड़ाई', जवानों की शहादत पर बोले छत्तीसगढ़ के सीएम

छत्तीसगढ़ के बीजापुर-सुकमा सीमा पर नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर आईईडी बम से हमला कर दिया। हमले में दो जवान शहीद हो गए और चार सुरक्षाबल घायल हुए हैं। अब इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी दुख जताया है। उन्होंने शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति और हमले में घायल हुए चार जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

By Agency Edited By: Shubhrangi Goyal Updated: Thu, 18 Jul 2024 02:02 PM (IST)
Hero Image
बीजापुर हमले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बयान (फाइल फोटो)

एएनआई, नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में आए दिन नक्सली हमले होते रहते हैं, अभी हाल ही में नक्सलियों की तरफ से किए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में सुरक्षा बल के दो जवान की मौत हो गई और चार सुरक्षाबल घायल हो गए। अब इस घटना को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी दुख जताया है और कहा कि माओवाद खत्म होने तक लड़ाई जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आगे कहा, 'हमारी सरकार माओवाद को खत्म करने के लिए जो अभियान चला रही है, उससे नक्सली बौखला गए हैं और कायरतापूर्ण वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। माओवाद खत्म होने तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी।' उन्होंने कार्रवाई में मारे गए सैनिकों की आत्मा की शांति और हमले में घायल हुए चार सैनिकों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।

'घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं'

मुख्यमंत्री विष्णु देव ने कहा, 'बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में माओवादियों की तरफ से किए गए आईईडी ब्लास्ट में 2 एसटीएफ जवानों की शहादत और 4 जवानों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मैं ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा को शांति प्रदान करने के लिए कामना करता हूं।' साथ ही उन्होंने घायल जवानों के स्वस्थ होने की भी कामना की। 

ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

माओवाद…

— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) July 18, 2024

कब हुई थी घटना?

बस्तर पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है, उन्होंने कहा, शहीद जवानों की पहचान रायपुर निवासी कांस्टेबल भरत साहू और नारायणपुर निवासी कांस्टेबल सत्येर सिंह कांगे के रूप में की गई है। जिले में नक्सल विरोधी अभियान में शामिल सुरक्षाकर्मी तलाशी अभियान से लौट रहे थे तभी यह घटना घटी।

पुलिस के मुताबिक इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए हैं और घायल एसटीएफ जवानों के समुचित इलाज के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा एक महत्वपूर्ण नक्सल विरोधी अभियान में, सुरक्षा बलों ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर वंडोली गांव में एक बड़ा हमला किया था, जिसमें 12 नक्सली मारे गए और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए।

यह भी पढ़ें: Bijapur IED Blast: बीजापुर में नक्सलियों का हमला, IED ब्लास्ट में दो जवान शहीद और चार घायल