Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नदी-नाले और पहाड़-जंगल... 1500 जवानों ने पैदल तय किया 25 किमी का रास्ता, पढ़ें दंतेवाड़ा मुठभेड़ की इनसाइड स्टोरी

बस्तर आइजी सुंदरराज पी. ने बताया कि घटनास्थल पर 70 नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर अभियान चलाया गया था। कुछ नक्सली घायल साथियों के साथ भाग निकले। मृत नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। मुठभेड़ स्थल से एक एलएमजी चार एके-47 छह एसएलआर तीन इंसास दो 303 राइफल और नक्सलियों द्वारा निर्मित देशी हथियार व गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।

By Jagran News Edited By: Jeet Kumar Updated: Sat, 05 Oct 2024 10:47 PM (IST)
Hero Image
नदी-नाले और पहाड़-जंगल... 1500 जवानों ने पैदल तय किया 25 किमी का रास्ता

 जेएनएन, दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा व नारायणपुर जिले की सीमा पर शुक्रवार को मुठभेड़ में मारे गए 31 नक्सलियों के शवों को लेकर जवान शनिवार को दंतेवाड़ा पहुंचे। मृत नक्सलियों में 13 महिलाएं हैं। 16 नक्सलियों की पहचान कर ली गई है। इन नक्सलियों पर कुल 1.30 करोड़ रुपये का इनाम था।

पहाड़-जंगलों घुसकर अभियान किया पूरा

मृत नक्सलियों में 25 लाख की इनामी महिला नक्सली उर्मिला उर्फ नीति भी है, जो पूर्व बस्तर डिवीजन की प्रभारी व दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी की सदस्य थी। 1500 से ज्यादा जवानों ने नदी-नाले व पहाड़-जंगल का करीब 25 किलोमीटर रास्ता पैदल तय कर अभियान को पूरा किया।

हथियार व गोला-बारूद बरामद

बस्तर आइजी सुंदरराज पी. ने बताया कि घटनास्थल पर 70 नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर अभियान चलाया गया था। कुछ नक्सली घायल साथियों के साथ भाग निकले। मृत नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। मुठभेड़ स्थल से एक एलएमजी, चार एके-47, छह एसएलआर, तीन इंसास, दो 303 राइफल और नक्सलियों द्वारा निर्मित देशी हथियार व गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।

नक्सली तीन एके-47 को स्नाइपर राइफल के तौर पर इस्तेमाल कर रहे थे। नौ माह में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य जोगन्ना, रंधेर, रूपेश, तेलंगाना स्टेट कमेटी सदस्य कमांडर सागर, डिवीसीएम शंकर राव, विनस, जगदीश, संगीता, लक्ष्मी, रजीता जैसे अन्य राज्य के कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया गया है।

गंगालूर में नक्सलियों ने की दो ग्रामीणों की हत्या

उधर, बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा शुक्रवार को जन अदालत लगाकर पुलिस मुखबिरी के आरोप में दो युवकों की हत्या की सूचना है। नक्सली दो दिन पहले अपहरण कर 20-25 ग्रामीणों को जंगल ले गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गर्वना ने बताया कि अब तक किसी ग्रामीण ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस बल को इलाके में भेजा गया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें