Move to Jagran APP

सोनिया गांधी नहीं होंगी राजनीति से रिटायर, कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने लगाया अटकलों पर विराम

Sonia Gandhi Retirement सोनिया गांधी के यह कहने के बाद कि उनकी पारी समाप्त हो गई कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने रविवार को कहा कि वह सेवानिवृत्त नहीं हुई हैं लेकिन पार्टी को हमेशा अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन देती रहेंगी।

By AgencyEdited By: Babli KumariUpdated: Sun, 26 Feb 2023 01:35 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने लगाया सोनिया गांधी के अटकलों पर लगाया विराम (फाइल फोटो)

रायपुर, एजेंसी। सोनिया गांधी के यह कहने के बाद कि उनकी 'पारी समाप्त हो गई', कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने रविवार को कहा कि वह सेवानिवृत्त नहीं हुई हैं, लेकिन पार्टी को हमेशा अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन देती रहेंगी। लांबा ने कहा कि प्रतिनिधियों और देश को यह सूचित करना है कि सोनिया गांधी राजनीति से संन्यास नहीं ले रही हैं।

अलका लांबा ने रायपुर में चल रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय सम्मेलन में अपने सम्बोधन में सोनिया के सन्यास लेने का खंडन करते हुए कहा कि मीडिया में इस आशय की आई खबरों के बाद उन्होने सोनिया गांधी से मुलाकात की,जिस पर उन्होंने साफ कहा कि..वह राजनीति से कतई पीछे नहीं हट रही हैं, वह पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करती रहेंगी।

भारत जोड़ो यात्रा के साथ मेरी पारी का समापन हुआ- सोनिया गांधी

दरअसल सोनिया ने कल पूर्ण सत्र मे अपने सम्बोधन कहा था कि...मुझे 1998 में पहली बार पार्टी अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने का सम्मान मिला था। इन 25 वर्षों में, हमारी पार्टी ने उच्च उपलब्धि के साथ-साथ गहरी निराशा का समय भी देखा है। 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ मेरी पारी का समापन हो सका। मीडिया के एक हलके में इस कथन को उनके राजनीति से सन्यास के संकेत के रूप में मानते हुए खबरें आई थी। इससे आम कांग्रेसजनों में निराशा फैल गई थी।

सोनिया गांधी भाषण देते वक्त हुईं भावुक

बता दें कि रायपुर में कार्यक्रम के दौरान पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भाषण देते वक्त भावुक हो गईं थीं। सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए सहयोगियों को धन्यवाद कहा था। इस दौरान बतौर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के सफर और पार्टी के लिए योगदान को दर्शाता एक वीडियो भी प्ले किया गया था। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।