Move to Jagran APP

Korba News: बेटी को बचाने जंगली सूअर से भिड़ी महिला, हुई मौत; सूअर की भी गई जान

काली मिट्टी की खोदाई कर रही महिला व उसकी 11 साल की बेटी पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। जिसमें महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर शव को स्वजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया है।

By Jagran NewsEdited By: Shashank MishraUpdated: Mon, 27 Feb 2023 05:07 AM (IST)
Hero Image
मिट्टी की खोदाई कर रही महिला व उसकी 11 साल की बेटी पर जंगली सूअर ने किया हमला।

कोरबा, जेएनएन। काली मिट्टी की खोदाई कर रही महिला व उसकी 11 साल की बेटी पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। बेटी को बचाने के लिए महिला जान की परवाह किए बिना सूअर से भिड़ गई। सूअर का दांत महिला के पेट में घुस गया और वह बुरी तरह जख्मी हो गई। इसके बाद भी वह लड़ती रही। संघर्ष में महिला और सूअर दोनों की जान चली गई। घटना के बाद से बच्ची डरी हुई है, उसे भी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

महिला की हुई मौत

कोरबा जिला मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर पसान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वनांचल ग्राम तेलियामार में रहने वाली दुवशिया बाई अपनी 11 साल की पुत्री रिंकी के साथ रविवार को दोपहर बस्ती से लगभग करीब 1.50 किलोमीटर दूर जंगल के अंदर काली मिट्टी निकालने गई थी। यहां वह एक गड्ढा में बैठ कर तगाड़ी में मिट्टी एकत्र कर रही थी, गड्ढे के ऊपर रिंकी खड़ी थी।

अचानक एक जंगली सूअर उसकी ओर बढ़ा और उसे नीचे गिरा दिया। यह देख दुवशिया बाई सूअर से जा भिड़ी और दोनों के हुए संघर्ष के दौरान सूअर ने महिला के पेट पर सिर से वार किया। इस दौरान एक नुकीला दांत महिला के पेट में जा घुसा। इसके बाद भी वह सूअर से लड़ती रही। बताया जा रहा है कि आपाधापी में महिला की साड़ी खुल गई और सूअर का चेहरा उलझ गया।

पहले महिला की मौत हुई और उसके बाद दम घुटने से सूअर भी मर गया। पसान वन परिक्षेत्र के रेंजर रामनिवास दहायक का कहना है कि घटनास्थल पर संघर्ष के निशान मिले हैं। महिला के शव के उपर ही सूअर की लाश पड़ी थी। ऐसा लग रहा है कि साड़ी में मुंह उलझने की वजह से सूअर का दम घुट गया और उसकी मौत हो गई।

ग्रामीण भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और सूअर की लाश पड़ी थी और उसका मुंह साड़ी में बंधी हुई अवस्था में था। बहरहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर शव को स्वजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया है। उधर वन विभाग ने भी सूअर का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के स्वजनों को वन विभाग ने 25 हजार रूपये तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।