Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मुंबई क्रिकेट टीम के मुख्य कोच का MCA ने किया ऐलान, इस दिग्गज को मिली जिम्मेदारी

घरेलू क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार पूर्व क्रिकेटर अमोल मजूमदार को मुंबई क्रिकेट संघ ने अपनी सीनियर टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। अमोल मजूमदार को ये जिम्मेदारी 2021-22 के सत्र के लिए दी घई है।

By Vikash GaurEdited By: Updated: Wed, 02 Jun 2021 11:41 AM (IST)
Hero Image
Amol Muzumdar को मुंबई की टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है (फोटो फाइल)

 मुंबई, एएनआइ। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने मंगलवार को एक बयान जारी करते हुए इस बात की पुष्टि की है घरेलू क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी अमोल मजूमदार को मुंबई की सीनियर मेंस टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। एमसीए ने अपने बयान में कहा कि मुंबई के रणजी ट्रॉफी विजेता कप्तान अमोल मजूमदार को सीजन 2021-2022 के लिए मुंबई सीनियर पुरुष टीम का कोच नियुक्त किया गया है।

एमसीए द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, "एमसीए की क्रिकेट सुधार समिति, जिसमें जतिन परांजपे (अध्यक्ष), नीलेश कुलकर्णी और विनोद कांबली शामिल हैं, उन्होंने अमोल मजूमदार को सीजन 2021-2022 के लिए मुंबई सीनियर पुरुष टीम का कोच नियुक्त किया है।" मध्य क्रम के दमदार बल्लेबाज अमोल मजूमदार ने 2006-07 में अपनी कप्तानी में मुंबई की टीम को रणजी ट्रॉफी खिताब दिलाया था।

आपको बता दें, अमोल मजूमदार के नाम एक अनोखा कारनामा है। साल 1993-94 सीजन में फरीदाबाद में हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच में बॉम्बे के लिए अपने पहले ही प्रथम श्रेणी मैच में उन्होंने विश्व रिकॉर्ड बनाया था, क्योंकि उन्होंने 260 रन की पारी खेली थी। उस समय यह प्रथम श्रेणी के डेब्यू मैच में खेली गई सबसे बड़ी पारी थी। हालांकि, यह रिकॉर्ड मध्य प्रदेश के अजय रोहेरा ने दिसंबर 2018 में तोड़ दिया था, क्योंकि उन्होंने इंदौर में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 267 रन की पारी खेली थी।

अमोल मजूमदार ने 171 फर्स्ट क्लास मैचों में 11167 रन बनाए हैं। मजूमदार काफी समय से कोचिंग की दुनिया में हाथ आजमा रहे हैं। दाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने भारत के खिलाफ 2019-20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के अंतरिम बल्लेबाजी कोच के रूप में भी काम किया था। रमेश पवार इस साल की शुरुआत में विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई के मुख्य कोच थे, लेकिन उन्होंने महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में नामित होने के बाद इस भूमिका से हट गए। मुंबई ने फाइनल में उत्तर प्रदेश को हराकर 2021 की विजय हजारे ट्रॉफी जीती थी।