Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

न्‍यूजीलैंड के पूर्व ओपनर ने ऑस्‍ट्रेलियाई गेंदबाज की बखिया उधेड़ी, दनादन जड़े 4 छक्‍के; तोड़ डाली कमेंट्री बॉक्‍स की विंडो - Video

न्‍यूजीलैंड के पूर्व विस्‍फोटक ओपनर मार्टिन गप्टिल ने टी20 लीग के एक मैच में ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज डेनियल क्रिश्चियन की धज्जियां उड़ा दी। सदर्न सुपर स्‍टार्स के लिए खेलते हुए गप्टिल ने क्रिश्चियन के ओवर में लगातार चार छक्‍के जड़ दिए। पूर्व कीवी ओपनर ने मणिपाल टाइगर्स के खिलाफ केवल 29 गेंदों में 68 रन की धुआंधार पारी खेली।

By Abhishek Nigam Edited By: Abhishek Nigam Updated: Wed, 02 Oct 2024 10:07 AM (IST)
Hero Image
मार्टिन गप्टिल ने क्रिश्चियन के ओवर में 30 रन बटोरे (Screegrab - Fan Code)

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। न्‍यूजीलैंड के पूर्व ओपनर मार्टिन गप्टिल इस समय एक टी20 लीग में खेल रहे हैं, जिसमें दुनियाभर के कई पूर्व दिग्‍गज क्रिकेटर्स ने हिस्‍सा लिया है। इस टी20 लीग में गप्टिल सदर्न सुपर स्‍टार्स का प्रतिनिधित्‍व कर रहे हैं।

अपने जमाने में विस्‍फोटक बल्‍लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले गप्टिल ने मणिपाल टाइगर्स के खिलाफ अपना पुराना रूप दिखाया और दर्शकों का मन मोह लिया। पूर्व कीवी ओपनर ने ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज डेनियल क्रिश्चियन के एक ओवर में लगातार चार छक्‍के जड़ दिए। इसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

गप्टिल का आक्रामक अवतार

सदर्न सुपर स्‍टार्स के लिए खेलते हुए गप्टिल ने मणिपाल टाइगर्स के क्रिश्चियन द्वारा किए पारी के 9वें ओवर में दनादन छक्‍कों की बरसात की। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने पहली ही गेंद से अपना आक्रामक रूप दिखाया और मिड-विकेट के ऊपर से छक्‍का जड़ दिया। अगली यानी ओवर की दूसरी गेंद पर गप्टिल ने फाइन-लेग की दिशा में छक्‍का जमा दिया।

Catch all the action live only on @StarSportsIndia & @FanCode#MTvSSS #BossLogonKaGame #LegendsLeagueCricket #LLCSeason3 #LLCT20 #Surat pic.twitter.com/avtjg5uQ5E— Legends League Cricket (@llct20) October 1, 2024

कीवी बल्‍लेबाज ने तोड़ डाली खिड़की

लगातार दो छक्‍के जड़ने के बाद मार्टिन गप्टिल ने क्रिश्चियन को नहीं बख्‍शा और तीसरी गेंद पर डीप मिड-विकेट के ऊपर से सिक्‍स जड़ दिया। चौथी गेंद पर गप्टिल ने लांग ऑन की दिशा में छक्‍का जमाया। इस बार उनके शॉट में जबरदस्‍त शक्ति थी कि गेंद ने कमेंट्री बॉक्‍स की खिड़की ही तोड़ दी। पांचवीं गेंद पर गप्टिल ने चौका जमाया और आखिरी गेंद पर दो रन लिए। इस तरह गप्टिल ने क्रिश्चियन के ओवर में कुल 30 रन बटोरे।

सदर्न सुपर स्‍टार्स की विशाल जीत

मार्टिन गप्टिल ने केवल 29 गेंदों में आठ चौके और चार छक्‍के की मदद से 68 रन की तूफानी पारी खेली। हरभजन सिंह ने गप्टिल की पारी पर विराम लगाया। गप्टिल की ताबड़तोड़ पारी के दम पर सदर्न सुपर स्‍टार्स ने 15 ओवर में 7 विकेट खोकर 194 रन बनाए। जवाब में मणिपाल टाइगर्स की टीम 13.1 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई।