Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Irani Cup: मैच ड्रॉ होने के बाद भी मुंबई को मिली जीत, 27 साल बाद किया ईरानी कप पर कब्जा

मुंबई ने ईरानी कप अपने नाम कर लिया है। घरेलू क्रिकेट की दिग्गज इस टीम ने 27 साल बाद इस ट्रॉफी को जीता है। मुंबई ने ये काम अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में किया है। मुंबई की इस जीत के हीरो रहे सरफराज खान और तनुष कोटिया। सरफराज ने पहली पारी में दोहरा शतक जमाया और तनुष ने दूसरी पारी में शतक जमाया।

By Abhishek Upadhyay Edited By: Abhishek Upadhyay Updated: Sat, 05 Oct 2024 03:37 PM (IST)
Hero Image
मुंबई ने 27 साल बाद जीता ईरानी कप

 स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने एक और खिताब अपने नाम किया है। मुंबई ने ईरानी कप पर कब्जा जमा लिया है। इस टीम ने रेस्ट ऑफ इंडिया को पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर मात देकर 27 साल बाद ईरानी कप जीता है। यूं तो मैच ड्रॉ रहा था, लेकिन ऐसी स्थिति में जिस टीम के पास पहली पारी में बढ़त होती है उसे जीत मिलती है।

मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 537 रन बनाए थे। इसके बाद रेस्ट ऑफ इंडिया को 416 रनों पर ढेर कर दिया था। दूसरी पारी में मुंबई ने अपनी पारी आठ विकेट के नुकसान पर 329 रनों पर घोषित कर दी। पहली पारी में सरफराज खान ने मुंबई के लिए दोहरा शतक जमाया था तो दूसरी पारी में तनुष कोटियान ने शानदार शतक जमा मुंबई को आगे रखा।

यह भी पढ़ें- टीम इंडिया को मिल गया R Ashwin का विकल्प, मुंबई के खिलाड़ी ने Irani Cup में दिखाया जलवा, बस मौके का इंतजार

आखिरी दिन दिखाया दम

मैच के चौथे दिन का खेल जब खत्म हुआ तो लग रहा था कि रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम इस मैच में जीत हासिल कर लेगी। स्टंप्स तक मुंबई का स्कोर छह विकेट खोकर 153 था। लेकिन पांचवें दिन तनुष कोटियान ने शानदार पारी खेल शतक जमाया और टीम को संभाला। उनकी इस पारी ने सुनिश्चत किया कि मुंबई की टीम सस्ते में ढेर नहीं हो और अपनी पकड़ मजबूत करे।

तनुष ने नाबाद 114 रनों की पारी खेली जिसमें 150 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और एक छक्के की मदद से मुंबई की लाज बचाई। अंत में उनका साथ दिया मोहित अवस्थी ने। मोहित ने 93 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 51 रन बनाए।

अभिमन्यू ईश्वरन की शानदार पारी

सरफराज ने मुंबई की पहला पारी में दोहरा शतक जमाया। उन्होंने नाबाद 222 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 286 गेंदों का सामना करते हुए 25 चौके और चार छक्के मारे। तनुष ने पहली पारी में भी रन बनाए थे और अर्धशतक जमाए थे। उन्होंने 124 गेंदों पर छह चौके और 64 रन बनाए।

रेस्ट ऑफ इंडिया ने भी मुंबई के विशाल स्कोर के खिलाफ लड़ाई लड़ी। इसमें अभिमन्यू ईश्वरन का अहम रोल रहा जिन्होंने 292 गेंदों पर 191 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी में ईश्वरन ने 16 चौके और एक छक्का मारा। उनका साथ दिया ध्रुव जुरैल ने। जुरैल शतक बनाने से चूक गए लेकिन उनकी और ईश्वरन की 165 रनों की साझेदारी ने रेस्ट ऑफ इंडिया को मजबूत कर दिया। जुरैल ने 121 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्के की मदद से 93 रन बनाए।

यह भी पढ़ें- Irani Cup: करीब आकर भी शतक से दूर रह गए Dhruv Jurel, एक गलती ने कर दिया बड़ा नुकसान, देखें Video