Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Yashasvi के अलावा इन 2 खिलाड़ियों ने IPL में मचाया धमाल, टीम इंडिया में जगह पाने के माने जा रहे प्रबल दावेदार

आईपीएल 2023 सीजन ऐसे कई भारतीय खिलाड़ी मिले जिन्होंने अपने दम पर फ्रेंचाइजियों को मैच जिताए। आइए जानते हैं कि कौन ऐसे 3 प्लेयर हैं जिन्होंने भारतीय सेलेक्टरों को प्रभावित किया है। जल्द ही ये भारतीय टीम की जर्सी में देखे जा सकते हैं।

By Umesh KumarEdited By: Umesh KumarUpdated: Sun, 21 May 2023 05:36 PM (IST)
Hero Image
आईपीएल में धाकड़ प्रदर्शन से टीम इंडिया में डेब्यू करने को तैयार यशस्वी जायसवाल।

नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल ट्रॉफी पर संस्कृत में एक श्लोक लिखा है, "यत्र प्रतिभा प्राप्नोति।" इसका अर्थ है कि 'जहां प्रतिभा को अवसर मिलता है।' यह लाइन आईपीएल 2023 पर भी सटीक बैठती है। इस सीजन ऐसे कई अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों ने न सिर्फ बेहतरीन प्रदर्शन किया, बल्कि टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दे दी है।

अप्रैल 31 से शुरू हुई दुनिया की सबसे अमीर लीग आईपीएल 2023 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। तीन टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर गई हैं। वहीं, रविवार को होने वाले डबल हेडर के बाद चौथी टीम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। इस सीजन ऐसे कई भारतीय खिलाड़ी मिले, जिन्होंने अपने दम पर फ्रेंचाइजियों को मैच जिताए। आइए जानते हैं कि कौन ऐसे 3 प्लेयर हैं, जिन्होंने भारतीय सेलेक्टरों को प्रभावित किया है।

यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal)

आईपीएल 2020 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल को 2 करोड़ 40 लाख में खरीदा था। 2021 सीजन में यशस्वी ने अपने स्ट्राइक-रेट से प्रभावित किया। उन्होंने 10 मैचों में 249 रन बनाए। उन्होंने उस सीजन में अपना पहला 50 रन भी बनाया था। 2022 में उनकों 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया और वह इस पर खरे भी उतरे। उस साल रॉयल्स के लिए 258 रन बनाए।

आईपीएल 2023 में उनके बल्ले ने फिर से रन उगले। 14 मैच में पांच अर्धशतक और 1 शतक के साथ कुल 625 रन बनाए। मुंबई इंडियंस के खिलाफ 124 रन की पारी खेली थी। इस सीजन उनका स्ट्राइक रेट 163.61 का रहा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री उन्हें भविष्य का खिलाड़ी कहते हैं। यह आश्चर्य नहीं कि जायसवाल निकट भविष्य में राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनेंगे।

रिंकू सिंह (Rinku Singh)

कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2018 में 88 लाख रुपये में खरीदा था। बेहतर प्रदर्शन ना करने के चलते उनका प्राइस कम कर दिया। साल 2022 में उनको केकेआर ने 55 लाख रुपये में रिटेन किया। इस सीजन अहमदाबाद में गत चैंपियन गुजरात टाइटन्स के खिलाफ पांच गेंद पर पांच छक्के लगाकर सुर्खियां बटोरीं। रिंकू ने अकेले दम पर अपनी टीम को मैच जिता दिया।

रिंकू ने 14 पारियों में 59.25 की औसत और 149.53 के स्ट्राइक रेट से 474 रन बनाए। इस दौरान चार अर्धशतक जड़े। आखिरी मैच में लखनऊ के खिलाफ नाबाद 67 रन की पारी खेली। अब वह केकेआर के मध्यक्रम की जान बन चुके हैं। जल्दी ही यह भी टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकते हैं।

जितेश शर्मा (Jitesh Sharma)

आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स ने विदर्भ के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को 20 लाख रुपये में खरीदा। अब वह पंजाब के लिए एक विश्वसनीय फिनिशर बन गए हैं। उन्होंने 14 पारियों में 23.77 की औसत और 156.06 के स्ट्राइक-रेट से 309 रन बनाए हैं। तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक स्ट्रोकप्ले खेलने की क्षमता रखते हैं।

फोटो- एपी

जितेश को इस साल की शुरुआत में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारत टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने का मौका नहीं मिला। अब माना जा रहा है कि जल्दी ही जितेश को टीम इंडिया में डेब्यू कैप मिल सकती है।