Move to Jagran APP

RCB vs MI: कोहली-डुप्लेसी ने मचाया चिन्नास्वामी में जमकर कोहराम, बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से रौंदा

RCB vs MI IPL 2023 विराट कोहली और फाफ डुप्लेसी द्वारा खेली गई तूफानी पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा मैच में 8 विकेट से हराया। मुंबई से मिले 172 रनों के लक्ष्य को बैंगलोर ने बेहद आसानी से चेज कर लिया।

By Jagran NewsEdited By: Shubham MishraUpdated: Sun, 02 Apr 2023 11:28 PM (IST)
Hero Image
RCB vs MI IPL 2023 -Photo Credit- Twitter

नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। क्या जोफ्र आर्चर, क्या जेसन बेहरेनडोर्फ और क्या पीयूष चावला। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसी की जोड़ी ने चिन्नास्वामी के मैदान पर मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी अटैक से जमकर खिलवाड़ किया। बैंगलोर के मौजूदा कप्तान और पूर्व कैप्टन ने मिलकर ऐसी तबाही मचाई कि पांच बार मुंबई को चैंपियन बनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा ने सिर पकड़ लिया।

कोहली-डुप्लेसी ने मचाया बल्ले से कोहराम

मुंबई से मिले 172 रनों के लक्ष्य को बैंगलोर ने महज 16.2 ओवर में मात्र 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आरसीबी ने आईपीएल 2023 का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया और रोहित की टोली को 8 विकेट से पीटा। बैंगलोर की इस बड़ी जीत के हीरो विराट कोहली और फाफ डुप्लेसी रहे।

कोहली और डुप्लेसी ने पहले विकेट के लिए 14.5 ओवर में 148 रन कूटे। डुप्लेसी ने 43 गेंदों में 73 रन कूटे, तो कोहली 49 गेंदों पर 82 रन बनाकर नाबाद रहे। विराट ने सामने की ओर जोरदार सिक्स लगाते हुए आरसीबी को सीजन की पहली जीत का स्वाद चखाया। ग्लेन मैक्सवेल ने भी 3 गेंदों में नाबाद 12 रन ठोके।

बुरी तरह फ्लॉप रहा मुंबई का बैटिंग ऑर्डर

इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने ईशान किशन महज 10 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद आईपीएल डेब्यू कर रहे कैमरून ग्रीन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और उनको रीस टॉपली ने क्लीन बोल्ड करते हुए पवेलियन की राह दिखाई। कप्तान रोहित महज एक रन बनाकर आउट हुए।

तिलक वर्मा ने खेली तूफानी पारी

वहीं, सूर्यकुमार यादव भी 15 और टिम डेविड सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, तिलक वर्मा ने एक छोर संभाला रखा और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 9 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 84 रन कूटे। युवा बल्लेबाज ने आखिरी के ओवरों में जमकर तबाही मचाई और बैंगलोर के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। तिलक की ताबड़तोड़ पारी के चलते मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 171 रन बनाने में सफल रही।