Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Irani Cup: मुंबई के आसमानी स्‍कोर का अभिमन्यु ने तोड़ा 'चक्रव्यूह', शतकीय पारी खेलकर शेष भारत को दिलाई ठोस शुरुआत

ईरानी कप में शेष भारत के अभिमन्‍यु ईस्‍वरन ने शानदार शतक जमाया। इस तरह मुंबई को शेष भारत ने करारा जवाब दिया। याद दिला दें कि सरफराज खान के दोहरे शतक के दम पर मुंबई की पहली पारी 537 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में शेष भारत ने दमदार खेल दिखाया और अभी वो मुंबई के स्‍कोर से 248 रन पीछे है।

By Jagran News Edited By: Abhishek Nigam Updated: Thu, 03 Oct 2024 08:19 PM (IST)
Hero Image
अभिमन्‍यु ईस्‍वरन ने शानदार शतक जमाकर भारतीय टीम का दरवाजा खटखटाया

विकास मिश्र, लखनऊ। मुंबई के सरफराज खान के दोहरे शतक के बाद अब शेष भारत के ओपनर अभिमन्यु ईश्वरन (नाबाद 151 रन) ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में गुरुवार को ईश्वरन ने मुंबई के खिलाफ सिर्फ 117 गेंदों में आठ चौके व एक छक्के के सहारे अपना शतका पूरा किया।

हालांकि, टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान रितुराज गायकवाड़ महज नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। साई सुदर्शन (32) और देवदत्त पडिक्कल (16) भी सस्ते में आउट हो गए, लेकिन ईश्वरन एक छोर पर जमे रहे, जिसकी बदौलत शेष भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट खोकर 289 जोड़कर मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरे छोर पर ध्रुव जुरेल 30 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। शेष भारत अभी मुंबई से 248 रन पीछे है।

इसके पहले मुंबई की टीम बुधवार के अपने पुराने स्कोर में सिर्फ एक रन जोड़कर 537 रनों पर आउट हो गई। सरफराज खान 222 रन बनाकर नाबाद लौटे। वहीं, शार्दुल ठाकुर ने 36 रनों की तेज पारी खेली। मुकेश कुमार ने पांच विकेट चटकाए।

यह भी पढ़ें: पहले दिन गरजा अजिंक्‍य रहाणे का बल्‍ला, अय्यर और सरफराज भी नहीं रहे पीछे

सस्ते में लौटे गायकवाड़

मुंबई के 537 रनों के जवाब में खेलने उतरे शेष भारत को 40 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान रितुराज गायकवाड़ जुनेद खान की गेंद पर पृथ्वी शा को आसान कैच थमा बैठे। हालांकि, इसके बाद अभिमन्यु ने साई सुदर्शन के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी।

इसी बीच, साई और पड्डिकल का विकेट जल्दी गिरने से शेष भारत की टीम एक बार फिर दबाव में आ गई। वहीं, ईशान किशन (38) ने क्रीज पर पहुंचते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू की। उन्होंने ईश्वरन के साथ चौथे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी भी की, लेकिन तेज खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। ईशान ने अपनी पारी में पांच चौके जड़े। मुंबई की ओर से मोहित अवस्थी ने दो, जुनेद खान और तनुष ने एक-एक विकेट हासिल किए।

ईश्वरन का 98वें मैच में 26वां शतक

बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अभिमन्यु ईश्वरन ने प्रथम श्रेणी में अपना लगातार तीसरा शतक जड़ा है। ईश्वरन ने पहले दलीप ट्राफी में इंडिया बी के लिए लगातार दो शतक लगाए थे। इसके अलावा रणजी ट्राफी के आखिरी मैच में उन्होंने दोहरा शतक जमाया था। ईश्वरन के बल्ले से पिछले पांच मैचों में यह चौथा और कुल 98 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 26वां शतक निकला है।

98 प्रथम श्रेणी मैचों में 48.44 की औसत से 7466 रन बना चुके हैं ईश्वरन भारतीय टेस्ट टीम में कई बार शामिल किए गए, लेकिन अब तक डेब्यू का मौका नहीं मिला है। अभिमन्यु घरेलू क्रिकेट में इस साल अभी तक 800 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस दौरान चार शतक और पांच अर्धशतक जड़े हैं। दलीप ट्राफी में इंडिया-बी के लिए खेलते हुए वह सर्वधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।

यह भी पढ़ें: क्‍या मिलेगी टीम इंडिया में एंट्री? Abhimanyu Easwaran ने शतक जड़कर सेलेक्टर से पूछा सवाल