Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Duleep Trophy 2024: अभिमन्यु के शतक के बावजूद भारत 'बी' पर फॉलोऑन का खतरा, India A मजबूत स्थिति में

Duleep Trophy 2024 भारत बी के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए शनिवार को दलीप ट्रॉफी में भारत सी के विरुद्ध शतक जड़ा और टीम का स्कोर सात विकेट पर 307 रन पहुंचाया। यद्यपि इसके बावजूद भारत बी पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। भारत बी अभी 216 रन से पिछड़ रही है और तीन विकेट शेष हैं।

By Rajat Gupta Edited By: Rajat Gupta Updated: Sat, 14 Sep 2024 08:48 PM (IST)
Hero Image
तीसरे दिन का खेल समाप्‍त। इमेज- बीसीसीआई

 पीटीआई, अनंतपुरम : भारत 'बी' के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए शनिवार को दलीप ट्रॉफी में भारत 'सी' के विरुद्ध शतक जड़ा और टीम का स्कोर सात विकेट पर 307 रन पहुंचाया। यद्यपि इसके बावजूद भारत बी पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। भारत 'बी' अभी 216 रन से पिछड़ रही है और तीन विकेट शेष हैं। उसे फॉलोऑन बचाने के लिए 66 रन की आवश्यकता है।

ईशान किशन ने लगाया शतक

भारत 'सी' ने ईशान किशन के शतक की बदौलत पहली पारी में 525 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। मुकाबले का तीसरा दिन भारत 'बी' के कप्तान अभिमन्यु के नाम रहा, जिन्होंने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए 242 गेंदों का सामना किया और 143 रन बनाकर शनिवार को खेल समाप्त होने तक अविजित रहे।

कंबोज ने झटके 5 विकेट

भारत बी ने शनिवार को 124 रन से पारी आगे बढ़ाई, लेकिन जल्द ही अंशुल कंबोज ने एन जगदीशन (70) को आउट कर टीम को पहला झटका दिया। अभिमन्यु और जगदीशन के बीच पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी हुई, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद अभिमन्यु को छोड़कर कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। हरियाणा के गेंदबाज कंबोज के आगे भारत बी के बल्लेबाज असहाय नजर आए और उन्होंने पांच विकेट लेकर विरोधी टीम को घुटनों पर ला दिया।

प्रथम, तिलक की शतकीय पारियों से भारत 'ए' मजबूत

तिलक वर्मा और प्रथम सिंह की शतकीय पारियों से भारत 'ए' ने शनिवार को दलीप ट्रॉफी के तीसरे दिन दूसरी पारी तीन विकेट पर 380 रन पर घोषित की और भारत 'डी' को जीत के लिए 488 रन का मुश्किल लक्ष्य दिया। तिलक ने 193 गेंद में नाबाद 111 रन की पारी के दौरान नौ चौके लगाए, जबकि आरंभिक बल्लेबाज प्रथम ने 189 गेंद की पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाकर 122 रन बनाए।

ये भी पढ़ें: India A vs India D: बांग्‍लादेश सीरीज से पहले गरजा तिलक वर्मा का बल्‍ला, ठोका तूफानी शतक

दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया डी ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 62 रन बनाए। अथर्व ताइडे खाता खोले बगैर खलील अहमद का शिकार बने। आरंभिक बल्लेबाज यश दुबे 15 और रिकी भुई 44 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है। भुई ने 52 गेंद की आक्रामक नाबाद पारी में आठ चौके और एक छक्का जड़ा।

ये भी पढ़ें: Duleep Trophy 2024: शुभमन गिल की जगह India A में मिली एंट्री, इंजीनियर प्रथम सिंह ने जड़ दी सेंचुरी