Move to Jagran APP

SL vs IRE 2nd Test: श्रीलंका ने खड़ा किया रनों का पहाड़ और की रिकॉर्ड्स की बरसात, आयरलैंड की शुरुआत बिगड़ी

SL vs IRE 2nd Test Day-4 श्रीलंका के चार बल्‍लेबाजों ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्‍ट में शतक जमाए और इस दौरान रिकॉर्ड्स की बरसात हुई। आयरलैंड की पहली पारी 492 रन के जवाब में श्रीलंका ने अपनी पारी 704/3 के स्‍कोर पर घोषित की।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek NigamUpdated: Thu, 27 Apr 2023 07:52 PM (IST)
Hero Image
Sri Lanka put up huge score against Ireland: कुसल मेंडिस और निशान मदुष्‍का

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। श्रीलंका ने आयरलैंड के खिलाफ गॉल में चल रहे दूसरे टेस्‍ट को रिकॉर्ड्स के लिहाज से यादगार बना दिया है। आयरलैंड की पहली पारी 492 रन के जवाब में श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 704/3 के स्‍कोर पर घोषित की।

श्रीलंका ने पहली पारी के आधार पर 212 रन की बढ़त बनाई। फिर आयरलैंड ने दूसरी पारी में स्‍टंप्‍स तक 22 ओवर में 2 विकेट खोकर 54 रन बनाए। कप्‍तान एंडी बालबिर्नी (18*) और हैरी टेक्‍टर (7*) क्रीज पर हैं। आयरलैंड की टीम अभी श्रीलंका के स्‍कोर से 158 रन पीछे है जबकि उसके 8 विकेट शेष हैं। देखना दिलचस्‍प होगा कि दूसरा टेस्‍ट ड्रॉ पर समाप्‍त होगा या फिर मेहमान टीम ड्रॉ कराने में कामयाब होगी।

दो बल्‍लेबाजों के दोहरे शतक और दो बल्‍लेबाजों ने जड़े शतक

श्रीलंका ने चौथे दिन अपनी पारी 357/1 से आगे बढ़ाई। निशान मदुष्‍का (205) और कुसल मेंडिस (245) ने दोहरे शतक जमाए और रिकॉर्ड्स की बरसात कर दी। मदुष्‍का और मेंडिस श्रीलंका के लिए टेस्‍ट में दोहरा शतक जमाने वाले क्रमश: 13वें और 14वें बल्‍लेबाज बने। मदुष्‍का आयरलैंड के खिलाफ टेस्‍ट में दोहरा शतक जमाने वाले पहले बल्‍लेबाज बने। इसके अलावा कुसल मेंडिस और श्रीलंका ने काफी रिकॉर्ड्स बनाए, जिसे आप इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं।

एंजेलो मैथ्‍यूज का सैकड़ा

बता दें कि मदुष्‍का और मेंडिस के बीच दूसरे विकेट के लिए 268 रन की साझेदारी की। मैक्‍ब्राइन ने मदुष्‍का को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट करके आयरलैंड को दूसरी सफलता दिलाई। मदुष्‍का ने 339 गेंदों में 22 चौके और 1 छक्‍के की मदद से 205 रन बनाए। यहां से कुसल मेंडिस ने एंजेलो मैथ्‍यूज (100*) के साथ तीसरे विकेट के लिए 133 रन जोड़े। ग्राहम ह्यूम ने मेंडिस को हंफ्रेस के हाथों कैच आउट कराकर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया।

मेंडिस ने 291 गेंदों में 18 चौके और 11 छक्‍के की मदद से 245 रन बनाए। ह्यूम ने मेंडिस को अपना पहला टेस्‍ट शिकार बनाया। इसके बाद एंजेलो मैथ्‍यूज ने 15वां टेस्‍ट शतक पूरा किया। उनके शतक पूरा करते ही श्रीलंका ने अपनी पारी घोषित कर दी। मैथ्‍यूज ने 114 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्‍के की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। श्रीलंका ने 151 ओवर में 704/3 के स्‍कोर पर पारी घोषित की। आयरलैंड की तरफ से ग्राहम ह्यूम, एंडी मैक्‍ब्राइन और कर्टिस कैंफर को एक-एक विकेट मिला।

आयरलैंड की खराब शुरुआत

212 रन की बढ़त का बोझ लिए उतरी आयरलैंड की दूसरी पारी में शुरुआत खराब रही। रमेश मेंडिस ने जेम्‍स मैकलम (10) को क्‍लीन बोल्‍ड किया। इसके बाद पीटर मूर (19) को प्रभात जयसूर्या ने एंजेलो मैथ्‍यूज के हाथों कैच आउट कराया। एंडी बालबिर्नी (18*) और हैरी टेक्‍टर (7*) क्रीज पर जमे हुए हैं। श्रीलंका की तरफ से प्रभात जयसूर्या और रमेश मेंडिस को एक-एक सफलता मिली।