Move to Jagran APP

जिम्बाब्वे ने हासिल की T20I इतिहास की सबसे बड़ी जीत, गांबिया के 10 खिलाड़ी नहीं पार कर पाए दहाई का आंकड़ा

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप सब रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर 2024 के एक मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टी20I की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। जिम्बाब्वे ने गांबिया को 290 रन से हराया। गांबिया के 10 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा तक नहीं पार कर पाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 344 रन का स्कोर बनाया।

By Umesh Kumar Edited By: Umesh Kumar Updated: Wed, 23 Oct 2024 09:44 PM (IST)
Hero Image
जिम्बाब्वे ने टी20I में दर्ज की सबसे बड़ी जीत। फोटो- ICC
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जिम्बाब्वे ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत दर्जकर इतिहास रच दिया है। सिकंदर रजा की अगुआई वाली जिम्बाब्वे ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 344 रन बनाए जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट का सबसे बड़ा टीम स्कोर बनाया। इसके जवाब में गांबिया की टीम 14.4 ओवर में 54 रन पर ढेर हो गई। जिम्बाब्वे ने 290 रन से यह मैच अपने नाम किया।

जिम्बाब्वे के 345 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांबिया की टीम 14.4 ओवर में 54 रन पर ढेर हो गई। टीम का सिर्फ एक बल्लेबाज डबल डिजिट में पहुंच सका। इसके अलावा टीम के सभी बल्लेबाजों का स्कोर किसी मोबाइल नंबर की तरह 5, 0, 7, 4, 7, 1, 2, 2, 0, और 0 रहा। जिम्बाब्वे की ओर से तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा और ब्रेंडन मावुता ने 3-3 विकेट चटकाए। वेस्ले मधवीरे ने 2 विकेट लिए।

सिकंदर रजा ने ठोका शतक

इससे पहले, जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। जिम्बाब्वे ने 4 विकेट पर 344 रन बनाए। कप्तान सिकंदर रजा ने अपनी टीम की ओर से सबसे अधिक 133 रन बनाए। ब्रायन बेनेट और टी मरुमानी ने 5.4 ओवर में 98 रन की साझेदारी कर टीम को रिकॉर्डतोड़ शुरुआत दिलाई। टी मरुमानी ने 19 गेंद में 62 और बेनेट ने 26 गेंद में 50 रन की पारी खेली।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान सिकंदर रजा ने रिकॉर्ड 33 गेंद पर शतक पूरा किया। वे 43 गेंद पर 133 रन बनाकर नाबाद रहे। सिकंदर रजा ने अपनी इस पारी के दौरान 15 छक्के और 7 चौके लगाए। क्लाइव मंडाडे 17 गेंद पर 53 रन बनाकर नाबाद लौटे। रेयान बर्ल ने 11 गेंद में 25 रन बनाए। जिम्बाब्वे की पारी में 30 चौके और 27 छक्के लगे, जो रिकॉर्ड है।

टी20 में जीत का सबसे बड़ा अंतर ( रनों के हिसाब से)

290 रन- जिम्बाब्वे बनाम गांबिया

273 रन- नेपाल बनाम मंगोलिया

257 रन- चेक गणराज्य बनाम तुर्किए

213 रन- डरहम बनाम ईगल्स

जिम्बाब्वे ने तोड़ा नेपाल का रिकॉर्ड

बता दें कि इससे पहले नेपाल के नाम टी20I का सर्वाधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड था। नेपाल ने मंगोलिया के खिलाफ एशियन गेम्स के दौरान 314 रन बनाए। इसके बाद भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में 297 रन बनाया था। जिम्बाब्वे ने सभी को पछाड़ते हुए एक नया इतिहास बना दिया। 

यह भी पढे़ं- जिम्बाब्वे ये तूने क्या किया...344 का स्‍कोर खड़ा करके T20I में बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड, सिकंदर रजा की तूफानी बैटिंग

यह भी पढ़ें- Praveen Kumar UPCA: यूपी मेंस टीम की चयन समिति के मुखिया हो सकते हैं प्रवीण कुमार, आशीष जैदी की भी एंट्री तय