Move to Jagran APP

रामनवमी व पाम संडे एक ही दिनः संभलकर निकले, आज दिल्ली के ज्यादातर मार्गों पर लगेगा जाम

दिल्ली यातायात पुलिस ने सड़कों पर पर्याप्त संख्या में यातायात और पुलिस कर्मियों को तैनात किया है।

By JP YadavEdited By: Updated: Sun, 25 Mar 2018 10:56 AM (IST)
Hero Image
रामनवमी व पाम संडे एक ही दिनः संभलकर निकले, आज दिल्ली के ज्यादातर मार्गों पर लगेगा जाम

नई दिल्ली (जेएनएन)। राजधानी में रविवार को अधिकांश मार्गों पर यातायात जाम होने की आशंका है। रविवार होने के साथ हिंदू व इसाई धर्म के खास त्योहार होने के कारण हर जगह उत्सव का माहौल रहेगा। ऐसे में झांकियां और शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगीं जो सड़क जाम का सबब बन सकती हैं। 25 मार्च को रामनवमी व पाम संडे त्योहार एक साथ हैं।

रामनवमी के मौके पर लोग कन्या पूजन करते हैं तो कई स्थानों पर भंडारे व भोज का आयोजन भी किया जाता है। इसी तरह ईसाई समुदाय भी पाम संडे के मौके पर झांकियां निकालता है। यातायात प्रभावित रहने की आशंका के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने सड़कों पर पर्याप्त संख्या में यातायात और पुलिस कर्मियों को तैनात किया है।

यातायात पुलिस अधिकारी ने जाम से बचने के लिए वाहन चालकों से प्रभावित सड़कों पर न जाने की अपील की है। दिल्ली पुलिस की संयुक्त आयुक्त (यातायात) गरिमा भटनागर ने बताया कि रामनवमी के मद्देनजर 24 मार्च से ही झाकियों और जुलूस का दौर शुरू हो जाएगा। इंद्रप्रस्थ विश्व हिंदू परिषद द्वारा राम लीला मैदान से अजमल खां पार्क तक जुलूस निकाला जाएगा।

यह जुलूस पुरानी दिल्ली की विभिन्न सड़कों से होकर गुजरेगा, जबकि श्री सनातन धर्म महा सभा दिल्ली कृष्णा नगर द्वारा गीता कालोनी स्थित राम लीला मैदान से झाकियां निकाली जाएंगी। यह झाकियां आनंदपुर चैरिटेबल लेबोरेटरी में खत्म होंगी। इस दौरान पुरानी दिल्ली सहित पूर्वी दिल्ली की कई सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा।

25 मार्च को अखिल भारतीय रायकंवर बंधु समिति का जुलूस बिड़ला मंदिर से शुरू होकर विद्या पब्लिक स्कूल, बाबा खड़क सिंह मार्ग से होता हुआ पालिका धाम पर समाप्त होगा।  उधर, पाम संडे के मद्देनजर ईसाई धर्म के अनुयाइयों द्वारा रविवार को अलग-अलग स्थानों पर जुलूस निकाला जाएगा।

गोल डाकखाना सेंट मेरीज चर्च से निकाला गया जुलूस नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, कनॉट प्लेस होते हुए बाबा खड़ग सिंह मार्ग पर खत्म होगा। पाम संडे पर अन्य जुलूस पुष्प विहार, सदर बाजार, फर्स बाजार, तीस हजारी, डीबीजी रोड सहित पुरानी दिल्ली में निकाले जाएंगे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।