Move to Jagran APP

मुश्किल में केजरीवाल के एक और विधायक, कस सकता है कानून का शिकंजा

AAP के विधायक के ऊपर 2013 में दिल्ली पुलिस ने दंगा और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया था।

By JP YadavEdited By: Updated: Tue, 27 Mar 2018 06:21 PM (IST)
Hero Image
मुश्किल में केजरीवाल के एक और विधायक, कस सकता है कानून का शिकंजा

नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी (AAP) के एक विधायक बुरी तरह से कानून के शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। इनका नाम अखिलेश त्रिपाठी है और ये मॉडल टाउन क्षेत्र से विधायक हैं। AAP विधायक अखिलेश त्रिपाठी को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने मंगलवार को पेश होने का आदेश दिया था। कोर्ट में पेश नहीं होने पर उनके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी हो जाएगा। 

बता दें कि AAP के विधायक के ऊपर 2013 में दिल्ली पुलिस ने दंगा और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया था। माना जा रहा है कि अगर अखिलेश त्रिपाठी के ऊपर ये सभी आरोप सही साबित होते हैं तो केजरीवाल के लिए एक और झटके की तरह होगा।

पहले भी विवादों में रहे हैं विधायक अखिलेश त्रिपाठी

मॉडल टाउन से AAP विधायक अखिलेश त्रिपाठी द्वारा माता-पिता को खुद पर आश्रित बताकर सरकारी मेडिकल सेवा लेने से संबंधित भ्रष्टाचार का आरोप भी है। विधायक पर आरोप है कि उन्होंने मेडिकल बिलों में फर्जीवाड़ा करके सरकारी खजाने को नुकसान पहुचाया था। 

आरटीआइ कार्यकर्ता विवेक गर्ग ने विधायक के खिलाफ मेडिकल सेवाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए तीस हजारी अदालत में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया गया कि अखिलेश पति त्रिपाठी ने ऐसा करके सरकारी खजाने को 5 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया।

वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में विधायक ने माता-पिता को खुद पर आश्रित नहीं होने की बात कही थी, लेकिन 2015 विधानसभा चुनाव में विधायक ने अपने हलफनामे में बताया कि माता-पिता उनपर आश्रित हैं। मां के इलाज के नाम पर विधायक ने मेडिक्लेम पॉलिसी के एवज में विधानसभा से राशि प्राप्त कर ली थी।

मामले में विधायक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा था कि जैसे ही उन्हें यह पता लगा कि मेडिक्लेम में उनसे कुछ गलती हुई है तो उन्होंने तुरंत सदन को यह राशि लौटा दी थी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।