Move to Jagran APP

भीषण गर्मी ने किया बेहाल, अधिकतम व न्यूनतम तापमान का टूटा रिकॉर्ड

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, वहीं नमी भी 62 फीसद रही।

By Amit MishraEdited By: Updated: Mon, 30 Apr 2018 11:34 AM (IST)
Hero Image
भीषण गर्मी ने किया बेहाल, अधिकतम व न्यूनतम तापमान का टूटा रिकॉर्ड

नई दिल्ली [जेएनएन]। चुभती और तपती गर्मी ने अब दिल्ली वालों के जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रविवार को अमूमन पार्टी मूड में रहने वाले दिल्ली निवासी गर्मी की वजह से घरों में ही कैद रहे। इसी कारण दोपहर में बाजारों व पिकनिक स्पाट्स आदि पर काफी कम भीड़ नजर आई।

नमी 62 फीसद रही

रविवार को सूर्य की तपिश के साथ उमस ने भी लोगों को खूब परेशान किया। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान जहां दो दिन की आंशिक राहत के बाद फिर 40.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, वहीं नमी भी 62 फीसद रही।

तापमान 40 डिग्री से अधिक ही रहा

पालम सबसे गर्म क्षेत्र रहा। यहां का तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान के साथ रविवार सुबह भी काफी गर्मी रही। न्यूनतम तापमान इस सीजन का सबसे अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सात साल का रिकॉर्ड है। 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान भी बीते सात साल के दौरान अब तक 40 डिग्री सेल्सियस के पार नहीं गया था। रविवार को दिल्ली के अधिकतर क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री से अधिक ही रहा।

आया नगर में तापमान 41.2, रिज में 40, लोधी रोड में 40, डीयू में 40.1, जाफरपुर में 41.8, महंगेशपुर में 39.9, नजफगढ़ में 40.3 व नरेला में 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि शाम को बादल छाए रहे।

बादल नहीं बरसे 

दिल्लीवासियों को बारिश होने की उम्मीद भी बंधी, लेकिन बादल बरसे नहीं। राहत की बात अब यह है कि सोमवार को आधी के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। 2 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से दिल्ली में आधी और बूंदाबांदी से तापमान में कुछ कमी आएगी। हालांकि गर्मी से बहुत ज्यादा निजात नहीं मिल सकेगी। मौसम विभाग के अनुसार 2 व 3 मई को भी बूंदाबादी और आधी की संभावना है।

यह भी पढ़ें: तापमान में गिरावट के बाद भी नहीं मिली राहत, गर्मी ने किया परेशान

सात साल में 29 अप्रैल का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

सन् अधिकतम न्यूनतम

2012 37 21

2013 37 25

2014 39 23

2015 37 25

2016 40 22

2017 39 24

2018 40.4 27.6

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।