Move to Jagran APP

बेटों को भेजा बहन के घर फिर पत्नी की हत्या कर उसकी घर में ही बना दी कब्र, एक गलती से खुला राज

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गड्ढा खोदकर महिला का शव बाहर निकाला।

By JP YadavEdited By: Updated: Thu, 03 May 2018 08:38 AM (IST)
Hero Image
बेटों को भेजा बहन के घर फिर पत्नी की हत्या कर उसकी घर में ही बना दी कब्र, एक गलती से खुला राज

नई दिल्ली (जेएनएन)। सराय रोहिल्ला इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव घर के अंदर ही दफना दिया। पड़ोसियों को घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गड्ढा खोदकर महिला का शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए बाड़ा हिंदू राव अस्पताल की मोर्चरी में भेजा। मृतका का नाम सविता (32) है।

सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित बागेश्वर (36) को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी जतिन नरवाल के मुताबिक पुलिस को दिए बयान में बागेश्वर ने हत्या की बात कुबूल कर ली है।

पुलिस के मुताबिक सविता पति चूना भट्ठी स्थित झुग्गी बस्ती में रहती थीं। बागेश्वर से उनकी शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। वे मूलरूप से बिहार के पटना के रहने वाले हैं। सविता के दस साल व आठ साल के दो बेटे हैं। दंपती टैंक रोड स्थित एक फैक्ट्री में धागा काटने का काम करते थे।

पुलिस को मंगलवार दोपहर 1.15 बजे सूचना मिली कि एक युवक ने पत्नी की हत्या कर शव घर में दफना दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। सविता की गला घोंटकर हत्या की गई थी। वारदात के बाद बागेश्वर फरार हो गया था। थानाध्यक्ष रामचंद्र की टीम ने आधे घंटे के अंदर आनंद पर्वत रेडलाइट के पास से उसे दबोच लिया।

बेटों को पहले ही बहन के घर छोड़ दिया था

बागेश्वर वारदात से पहले अपने दोनों बच्चों को ओखला में रह रही अपनी बहन के घर छोड़ आया था। आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसने सोमवार रात पत्नी को समझाया था कि वह बच्चों पर ध्यान दे। जिस व्यक्ति से उसके अवैध संबंध हैं उससे दूरी बना ले।

झगड़े के बाद ही रच ली थी हत्या की साजिश

इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया था। बात आगे बढ़ने पर उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची। सुबह होते ही उसने पहले दोनों बच्चों को बहन के घर छोड़ दिया। वापस करीब साढ़े दस बजे घर लौटा और पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर में दफनाकर भाग गया। वह बिहार भागने की फिराक में था।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।