Move to Jagran APP

केजरीवाल के बाद दिग्विजय सिंह ने नितिन गडकरी से मांगी माफी, खत्म हुआ मानहानि केस

दिग्विजय सिंह ने गडकरी के खिलाफ अपने बयान पर खेद जताया। दोनों ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में केस के वापस लेने के लिए संयुक्त आवेदन दिया था जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है।

By Amit MishraEdited By: Updated: Tue, 29 May 2018 10:37 PM (IST)
Hero Image
केजरीवाल के बाद दिग्विजय सिंह ने नितिन गडकरी से मांगी माफी, खत्म हुआ मानहानि केस
नई दिल्ली [जेएनएन]। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि केस वापस ले लिया है। दिग्विजय सिंह ने गडकरी के खिलाफ अपने बयान पर खेद जताया। दोनों ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में केस के वापस लेने के लिए संयुक्त आवेदन दिया था जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। बता दें कि यह मामला उस समय का था जब नितिन गडकरी भाजपा अध्यक्ष थे। इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मानहानि मामले में नितिन गडकरी से माफी मांगी थी।

2012 का है मामला 

यह मामला 2012 का है। दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर एक कोयला कारोबारी से करीबी संबंध के आरोप लगाए थे, उन्होंने गडकरी को नेता कम व्यापारी ज्यादा बताया था। सिंह ने अपने आरोप में कहा था कि एक कारोबारी को गलत तरीके से कोयला ब्लॉक आवंटन में गडकरी ने 490 करोड़ रुपये लिए थे। इस पर गडकरी ने दिग्विजय सिंह पर मानहानि का मामला दायर किया था।

दिग्विजय सिंह को जमानत करानी पड़ी थी

नितिन गडकरी ने दिग्विजय सिंह की तरफ से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मानहानि का केस दायर किया था। इस मामले ने इतना तूल पकड़ा था कि दिग्विजय सिंह को अदालत में पेश होकर जमानत करानी पड़ी थी, तभी से यह मामला कोर्ट में चल रहा था। मामले की सुनवाई को लेकर सिंह कई बार कोर्ट में भी पेश हुए थे।

केजरीवाल की राह पर दिग्विजय सिंह

राजनीति के जानकार मानते हैं कि दिग्विजय सिंह ने इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का अनुसरण किया है। अरविंद केजरीवाल ने भी विभिन्न चुनावों में विभिन्न लोगों पर लगाए आरोपों पर माफी मांगकर कोर्ट में चल रहे विवादों को खत्म किया है। 

यह भी पढ़ें: कुमार विश्वास के खत से हुआ खुलासा, केजरीवाल ने इसलिए मांगी अरुण जेटली से माफी