Move to Jagran APP

80 घंटे के बाद भी रहस्य बनी हुई है शख्स की मौत, दिल्ली से बिहार तक सुराग की तलाश तेज

सबसे ज्यादा हैरानी की बात तो यह है कि पुलिस को न तो कार चालक ही मिला और न बाइक चालक। यही से अंशुमन की मौत का रहस्य गहरा गया है।

By JP YadavEdited By: Updated: Wed, 30 May 2018 02:03 PM (IST)
Hero Image
80 घंटे के बाद भी रहस्य बनी हुई है शख्स की मौत, दिल्ली से बिहार तक सुराग की तलाश तेज
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली से नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईवे पर 26 मई (शनिवार रात) को एक अजीबोगरीब हादसा हुआ था, जिसका रहस्य लगातार चौथे दिन भी बरकरार है। घटना के मुताबिक, डीएनडी फ्लाईवे पर शनिवार रात को हार्ले डेविडसन बाइक पर सवार अंशुमन को एक तेज रफ्तार कार ने ऐसी टक्कर मारी की वह कई फीट ऊपर जाकर यमुना में जा गिरा। 80 घंटे से भी अधिक बीत जाने पर भी उसका पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। 

इस तरह हुआ था हादसा

जानकारी के मुताबिक, रात करीब एक बजे अंशुमन नोएडा से दिल्ली की तरफ अपनी महंगी हार्ले डेविडसन बाइक से जा रहा था, तभी अंशुमन की बाइक को तेज रफ्तार इटियोस कार ने ज़ोरदार टक्कर मारी और शक है कि अंशुमन कई फ़ीट उछलकर यमुना में जा गिरा। उसका मोबाइल फ़ोन भी हादसे के बाद से बंद है।

लोकसभा के सदस्य रहे शख्स का बेटा था अंशुमन

सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र के नोएडा से दिल्ली आने वाले डीएनडी फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में हर्ले डेविडसन बाइक चला रहे अंशुमन पूरी चौथी लोकसभा के सदस्य रहे स्वर्गीय सूर्य प्रकाश के बेटे बताए जा रहे हैं। सूर्य प्रकाश बिहार के नवादा से सांसद थे। लेकिन, दस साल पहले उनकी मृत्यु हो चुकी है। साथ ही अंशुमन की मां का भी स्वर्गवास हो चुका है।

म्यूजिक शॉप चलाते थे अंशुमन

अंशुमन काफी समय से दक्षिणी दिल्ली के सरिता विहार इलाके में अकेले रहते थे। वह फ्लैट में ही म्यूजिक स्टूडियो चलाते थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अंशुमन परिवार को लेकर दोस्तों से कोई बात शेयर नहीं करते थे। जिसकी वजह से अभी तक पुलिस मामले की गुत्थी सुलझा नहीं सकी है।

तीन महीने पहले खरीदी थी 5 लाख की बाइक

वहीं बताया जा रहा है कि अंशुमन ने तीन माह पहले ही पांच लाख रुपये की हर्ले डेविडन बाइक खरीदी थी, लेकिन यह बात उनके किसी दोस्त को नहीं पता है। अंशुमन का एक भाई भी है, जिनका लेह में एक होटल है। पुलिस ने उन्हें इस बात की जानकारी दे दी है। लेकिन, किन्हीं कारणों से अभी तक वह दिल्ली नहीं पहुंच सके हैं। जिससे मामले की गुत्थी उलझी हुई है।

वहीं, दक्षिणी-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि डीएनडी के यमुना पुल पर बीते रविवार की सुबह भयानक सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में टोयोटा इटियोस कार आगे से व बाइक पीछे से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त पाई गई थी। हालांकि मौके पर पुलिस को न तो कार चालक ही मिला था और न ही बाइक चालक।

इस बाबत आशंका थी कि कार की जोरदार टक्कर के बाद बाइक सवार व्यक्ति उछलकर नदी में जा गिरा होगा। पुलिस ने डीडीएमए वॉलंटियर, फायर ब्रिगेड के जवानों व गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की थी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि दोनों गाड़ियों के नंबर से पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल एक टीम को बिहार भी भेजा गया है। जिससे अंशुमन के अन्य रिश्तेदारों का पता लगाया जा सके।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।