Move to Jagran APP

हो रहे मेट्रो कर्मियों की प्रस्तावित हड़ताल खत्म कराने के प्रयास

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) कर्मचारी यूनियन ने वेतन वृद्धि व अन्य मांगों को लेकर हड़ताल की चेतावनी दी है।

By JagranEdited By: Updated: Thu, 28 Jun 2018 10:52 PM (IST)
Hero Image
हो रहे मेट्रो कर्मियों की प्रस्तावित हड़ताल खत्म कराने के प्रयास

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) कर्मचारी यूनियन ने वेतन वृद्धि व अन्य मांगों को लेकर 30 जून से हड़ताल करने की चेतावनी दी है। ऐसा हुआ तो मेट्रो के गैर कार्यपालक रैंक के करीब 9000 कर्मचारी हड़ताल पर जा सकते हैं। इससे मेट्रो का परिचालन ठप होने की आशंका है। मेट्रो का परिचालन ठप होने पर दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को परेशानी होगी, इसलिए कर्मचारी यूनियन की घोषित हड़ताल खत्म कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ने डीएमआरसी के अधिकारियों व यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मामले का पूरा हल नहीं निकल पाया। इसलिए शुक्रवार को भी इस मामले पर डीएमआरसी के निदेशकों व कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। डीएमआरसी प्रशासन को उम्मीद है कि समस्या का हल निकल आएगा और मेट्रो का परिचालन प्रभावित नहीं होगा।

कर्मचारी यूनियन का कहना है कि यदि शुक्रवार की बैठक में भी मांगों को पूरा करने के लिए सकारात्मक पहल नहीं की गई तो 30 जून से हड़ताल की जाएगी। अंतिम फैसला शुक्रवार की बैठक के बाद लिया जाएगा। पिछले साल भी कर्मचारी यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल की चेतावनी दी थी, लेकिन अंतिम समय में डीएमआरसी के हस्तक्षेप के बाद हड़ताल वापस ले ली गई थी।

डीएमआरसी कर्मचारी यूनियन के महासचिव महावीर प्रसाद ने कहा कि पिछले साल डीएमआरसी ने जिन मांगों को पूरा करने के लिए आश्वासन दिया था वे अभी तक पूरी नहीं की गई। कर्मचारियों को पांच साल पर पदोन्नति देने का प्रावधान है, लेकिन कर्मचारी 10 साल से एक ही पद पर काम कर रहे हैं। ग्रेड वेतनमान 13,500-25,520 रुपये का ग्रेड वेतनमान 14,000-26,950 रुपये में विलय किया जाएगा। ऐसा नहीं हुआ। कई कर्मचारी इससे भी उच्च वेतनमान की मांग कर रहे हैं।

यूनियन के पदाधिकारी डीएमआरसी से यूनियन को मान्यता देने की भी मांग कर रहे हैं, जबकि डीएमआरसी इसके लिए तैयार नहीं है। गैर कार्यपालक कर्मचारियों की श्रेणी में मेट्रो ट्रेन चालक, स्टेशन कंट्रोलर, तकनीकी कर्मचारी व रखरखाव से संबंधित कर्मचारी शामिल हैं। वे अधिकारियों को मिलने वाली कई तरह की सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। इसलिए 19 जून से वे कई स्टेशनों पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। डीएमआरसी का कहना है कि कर्मचारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर बातचीत चल रही है और आपसी सहमति के लिए पूरी कोशिश की जा रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।