Move to Jagran APP

अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो पर सागर, शान से फहराया तिरंगा

सागर ने 19.3 हजार फीट की चढ़ाई चार दिन से भी कम समय में पूरी की। तंजानिया सरकार की ओर से सागर को सर्टिफिकेट भी दिया गया है।

By Amit MishraEdited By: Updated: Fri, 29 Jun 2018 08:14 PM (IST)
Hero Image
अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो पर सागर, शान से फहराया तिरंगा

गाजियाबाद [जेएनएन]। अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो पर गाजियाबाद के पर्वतारोही सागर कसाना ने तिरंगा फहराया है। उन्होंने करीब 19.3 हजार फीट की चढ़ाई चार दिन से भी कम समय में पूरी की। तंजानिया सरकार की ओर से सागर को सर्टिफिकेट भी दिया गया है।

गाजियाबाद के विजयनगर के गऊपुरी इलाके में रहने वाले सागर कसाना (21) नोएडा कॉलेज आफ फिजिकल एजुकेशन में पढ़ाई कर रहे हैं। दिल्ली विकास प्राधिकरण में कार्यरत सागर के पिता अजब सिंह कसाना बताते हैं कि 20 जून को स्थानीय सांसद वीके सिंह ने सागर को तिरंगा भेंट कर रवाना किया था। 22 जून की सुबह से सागर ने एकमात्र गाइड के साथ अकेले ही अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारों पर चढ़ाई शुरू की।

देश का मान बढ़ाया

19,341 फीट ऊंची चोटी पर सागर 26 जून की सुबह पौने सात बजे पहुंच चुके थे। यहां उन्होंने तिरंगा फहराकर देश का मान बढ़ाया। इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के सदस्य सागर को सभी संसाधन फाउंडेशन ने मुहैया कराए, बाकी खर्च पिता ने वहन किए।

रूस के लिए रवाना होंगे सागर 

सागर ने 2016 में हिमाचल प्रदेश की 15,700 फीट ऊंची सेतीदार चोटी पर तिरंगा लहराया था। 2017 में 20,053 फीट की ऊंचाई पर स्थित दुर्गम माउंट गोलप कांगड़ी की चोटी पर पहुंचे थे। इसके अलावा वह अरुणाचल प्रदेश की चोटी भी फतह कर चुके हैं। अगस्त-2018 में सागर रूस के लिए रवाना होंगे। रूस की काकेशस पर्वत श्रृंखला पर 5642 मीटर की ऊंचाई पर स्थित एल्ब्रुस चोटी पर चढ़ाई करेंगे।

यह भी पढ़ें: एनआइईटी के हर्ष को अबू धाबी में मिला 1.75 करोड़ का पैकेज, बना नया कीर्तिमान

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।