Move to Jagran APP

ईमानदार हो रहा देश, राष्ट्र निर्माण में अहम जिम्मेदारी निभा रहे लोग : मोदी

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एम्स व सफदरजंग अस्पताल में पां

By JagranEdited By: Updated: Fri, 29 Jun 2018 08:46 PM (IST)
Hero Image
ईमानदार हो रहा देश, राष्ट्र निर्माण में अहम जिम्मेदारी निभा रहे लोग : मोदी

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एम्स व सफदरजंग अस्पताल में पांच सुविधाओं का शुभारंभ किया। इसमें एम्स की तीन व सफदरजंग अस्पताल की दो परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर एम्स में बुजुर्गो के इलाज के लिए देश के पहले नेशनल सेंटर फॉर एजिंग की आधारशिला रखी। इसके अलावा सफदरजंग अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी व सबसे बड़े इमरजेंसी ब्लॉक को देश को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश ईमानदार हो रहा है और लोग राष्ट्र निर्माण में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर व्यक्ति को सस्ती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है, डॉक्टर भी इसमें अपना सहयोग व साथ दें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में लोगों में यह भाव आया है कि वे जो टैक्स दे रहे हैं उसका पाई-पाई देश की भलाई में खर्च हो रहा है। मोदी ने कहा, मैंने सक्षम लोगों से गैस सब्सिडी छोड़ने की अपील की थी। लोग अपनी सीट नहीं छोड़ना चाहते, इस मानसिकता के बावजूद 25 करोड़ उपभोक्ताओं में से सवा करोड़ लोगों ने गैस की सब्सिडी छोड़ दी। इसी तरह 42 लाख बुजुर्गो ने रेल आरक्षण में छुट का लाभ नहीं लिया। डॉक्टरों से भी एक बात कही थी कि महीने में एक दिन 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा दें। इसके बाद हजारों डॉक्टर इस काम के लिए आगे आए। अब तक सवा करोड़ महिलाओं की डॉक्टर नि:शुल्क जांच कर चुके हैं।

डॉक्टर भी लें संकल्प

प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉक्टरों के सक्रिय सहयोग व साथ के बिना हर व्यक्ति को सस्ती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा पाना आसान नहीं है। जब देश न्यू इंडिया के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है तो डॉक्टरों व स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी अपने लिए नया संकल्प लेना चाहिए। वर्ष 2022 में जब देश में आजादी के 75 साल पूरे होंगे तो उसके मद्देनजर कोई ऐसा संकल्प लें जिसे उस साल तक पूरा कर सकें।

वर्ष 2025 तक टीबी के सफाये का संकल्प

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2025 तक टीबी के सफाये का संकल्प लिया है। दुनिया ने इस काम के लिए वर्ष 2030 का लक्ष्य रखा है। इसलिए दुनिया की नजर भारत पर लगी है पर सरकार को अपने देश के चिकित्सा क्षेत्र पर भरोसा है। मातृ व शिशु मृत्यु दर पहले के मुकाबले बहुत कम हुई है। इसे निचले स्तर पर लाने के लिए सबको मिलकर मिशन मोड में काम करना होगा।

सस्ती, सुरक्षित व अत्याधुनिक सुविधाएं जुटाना बड़ी जिम्मेदारी

मोदी ने कहा कि भारत जैसे विकासशील देश में सस्ती, सुलभ, सुरक्षित व अत्याधुनिक सुविधाएं जुटाना बड़ी जिम्मेदारी है। बीते चार वर्षो में सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नई दिशा दी गई है। सरकार बड़े शहरों में पहले से मौजूद अस्पतालों के विस्तार के अलावा छोटे शहरों में बड़े शहरों जैसी सुविधाएं पहुंचाएगी। आजादी के 70 वर्षो में जितने एम्स बने उससे अधिक 13 नए एम्स चार वर्षो में मंजूर हुए। इसके अलावा 15 मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है।

कम खर्च पर देश के हर व्यक्ति को इलाज मिले

प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यू इंडिया के लिए ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था का निर्माण किया जा रहा है, जहां उत्तम व पर्याप्त अस्पताल, ज्यादा बेड, बेहतर सुविधा, श्रेष्ठ डॉक्टर और उनकी टीम होगी। सरकार का विजन सिर्फ अस्पताल, बीमारी, दवाई व अत्याधुनिक सुविधाओं तक ही सीमित नहीं है। कम खर्च पर देश के हर व्यक्ति को इलाज मिले, लोगों को बीमार बनाने वाले कारणों को खत्म करने का प्रयास हो, इस सोच के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति तैयार की गई है। गरीबी का बड़ा कारण बीमारी है। इसलिए बीमारी की रोकथाम पर जोर दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार उत्पन्न होगा। ग्रामीण क्षेत्र में इतने अस्पताल बनेंगे कि हर वर्ग को इस योजना से फायदा होगा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।