Move to Jagran APP

आइजीआइ एयरपोर्ट पर घंटों अटके रहे दो विमानों के यात्री

समस्या - एसी खराब होने के कारण टोक्यो जाने वाले यात्रियों को आठ घंटे करना पड़ा इंतजार - क्र

By JagranEdited By: Updated: Sat, 30 Jun 2018 08:59 PM (IST)
Hero Image
आइजीआइ एयरपोर्ट पर घंटों अटके रहे दो विमानों के यात्री

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआइ) एयरपोर्ट पर अलग-अलग कारणों से एयर इंडिया के दो विमानों के 300 से ज्यादा यात्री छह से आठ घंटे तक फंसे रहे। एक विमान का एयर कंडीशन खराब होने के कारण दिल्ली से टोक्यो जाने वाले यात्रियों को आठ घंटे जबकि क्रू मेंबर के नहीं होने से दुबई जाने वाले विमान के यात्रियों को छह घंटे तक एयरपोर्ट पर ही बिताने पड़े। इस कारण कुछ यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छुट गई तो कइयों को पहले से तय कार्यक्रम रद्द करने पड़े। एयर इंडिया ने ट्वीट कर उड़ान में देरी के लिए खेद जताया है।

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, एयर इंडिया के विमान (संख्या एआइ-306) को दिल्ली से टोक्यो (जापान) के लिए शुक्रवार की रात 9.15 बजे उड़ान भरनी थी। यात्रा के लिए इसमें 171 यात्री सवार भी हो चुके थे। तभी पायलट ने पाया कि विमान का एयर कंडीशन काम नहीं कर रहा है। इसकी सूचना पायलट ने इंजीनिय¨रग टीम को दी। एक घंटे की कोशिश के बाद भी समस्या ठीक नहीं हो पाई तो यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। बाद में दूसरे विमान का प्रबंध किया गया लेकिन इसमें काफी वक्त लगा। दूसरा विमान आने पर यात्रियों को शनिवार तड़के करीब पांच बजे टोक्यो के लिए रवाना किया गया। उड़ान में देरी के कारण यात्री पूरी रात सो नहीं पाए वहीं उन्हें अपना आगामी कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। हालांकि एयर इंडिया अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान यात्रियों को एयरलाइंस की ओर से खाना और पानी इत्यादि मुहैया कराया गया था।

उधर, एयर इंडिया के एक अन्य विमान (संख्या एआइ-933) को शनिवार सुबह करीब पांच बजे रवाना होना था। विमान को वाया कोच्चि दुबई जाना था। इस विमान पर पीछे से आ रहे अन्य विमान के क्रू मेंबर की ड्यूटी लगी थी लेकिन वह विमान काफी देर से आया। तब तक क्रू मेंबर का ड्यूटी का समय समाप्त हो चुका था। लिहाजा उन्होंने दुबई जाने वाली फ्लाइट को ले जाने से इन्कार कर दिया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि एविएशन नियमों के मुताबिक क्रू मेंबर तय घंटे से ज्यादा कार्य नहीं कर सकते। बाद में दुबई जाने वाले विमान के लिए नए क्रू मेंबर की व्यवस्था की गई। क्रू मेंबर के आने पर करीब छह घंटे की देरी से सुबह 11 बजे दिल्ली-कोच्चि-दुबई विमान को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस विमान में करीब 150 यात्री सवार थे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।