Move to Jagran APP

अभी नहीं खुल सकेंगे निगम के आठवीं तक के स्कूल

वादा अधूरा - पिछले वर्ष की थी घोषणा, अब संसाधन के अभाव व कानूनी अड़चन का रोना - दक्षिण

By JagranEdited By: Updated: Mon, 02 Jul 2018 08:40 PM (IST)
Hero Image
अभी नहीं खुल सकेंगे निगम के आठवीं तक के स्कूल
निहाल सिंह, नई दिल्ली : नर्सरी से पांचवीं कक्षा के बाद आठवीं तक के स्कूल शुरू करने की दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की योजना खटाई में पड़ गई है। निगम में पर्याप्त संसाधन न होने की वजह से इस वर्ष तो स्कूल नहीं ही शुरू होंगे, आगे के वर्षो में भी इसकी संभावना कम ही है। हालांकि शिक्षा समिति की अध्यक्ष नंदिनी शर्मा का कहना है कि कुछ कानूनी अड़चनों की वजह से आठवीं तक की कक्षाएं शुरू नहीं हो पाई हैं, हम अगले वर्ष इसको शुरू करने का प्रयास करेंगे।

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि आठवीं तक कक्षाएं शुरू करने की योजना थी। इसके लिए शिक्षा विभाग के सभी उप निदेशकों से रिपोर्ट मांगी गई थी जिसमें निगम के उन स्कूलों की जानकारी मांगी गई थी जिनमें आठवीं तक के स्कूल को शुरू किया जा सकता है। उप निदेशक की प्राथमिक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि अभी उपलब्ध संसाधनों में आठवीं तक के स्कूल खोलना संभव नहीं है। इसके लिए आठवीं तक के शिक्षकों की नियुक्ति करनी पड़ेगी वहीं पाठ्यक्रम बनाने व स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं की जरूरत होगी।

बता दें कि दक्षिणी नगर निगम में 344 इमारतों में 581 विद्यालय चलते हैं। साथ ही इसमें ढाई लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। पिछले वर्ष स्थायी समिति ने निगम के स्कूलों में आठवीं तक कक्षाएं शुरू करने का प्रस्ताव पारित किया था। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में इस समय चार जोन हैं। निगम की योजना थी कि प्रत्येक जोन में शुरू में एक-एक स्कूल खोला जाए। बॉक्स

शिक्षा में सुधार के लिए जल्द शुरू होगी हेल्पलाइन

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में शिक्षा में सुधार के लिए एक एजुकेशन हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। दक्षिणी निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस हेल्पलाइन पर कोई भी नागरिक शिक्षा से जुड़ी शिकायतें एवं सुझाव दे सकेगा। हेल्पलाइन पर आने वाली हर कॉल का विवरण निगम अपने पास रखेगा। वहीं इसके लिए एक सॉफ्टवेयर भी विकसित किया जा रहा है, जिस पर सारे सुझावों एवं शिकायतों को रखा जाएगा। शिकायतों के समाधान की जानकारी शिकायतकर्ता को एसएमएस के जरिये दी जाएगी।

-------

शहीदों के नाम पर होंगे निगम के स्कूलों के नाम

शहीद जवानों के नाम पर दक्षिणी दिल्ली नगर निगम अपने स्कूलों का नामकरण करेगा। निगम की शिक्षा समिति की अध्यक्ष नंदिनी शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को जागृत करने और उसे बढ़ाने के लिए निगम अपने स्कूलों का नाम शहीदों के नाम पर रखेगा। साथ ही जिस शहीद के नाम पर स्कूल का नामकरण होगा उसकी पूरी जानकारी एक बोर्ड लगाकर विद्यार्थियों को दी जाएगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।