Move to Jagran APP

तेज रफ्तार होडा सिटी ने वाटर कैनन में मारी टक्कर, तीन घायल

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : संसद मार्ग स्थित नई दिल्ली पुलिस उपायुक्त कार्यालय के समीप रविवार सुबह

By JagranEdited By: Updated: Sun, 29 Jul 2018 10:20 PM (IST)
Hero Image
तेज रफ्तार होडा सिटी ने वाटर कैनन में मारी टक्कर, तीन घायल

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :

संसद मार्ग स्थित नई दिल्ली पुलिस उपायुक्त कार्यालय के समीप रविवार सुबह तेज रफ्तार होंडा सिटी कार एक अन्य कार को टक्कर मारती हुई सड़क किनारे खड़ी वाटर कैनन से जा टकराई। इससे होंडा सिटी के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार में एक युवती सहित चार लोग सवार थे। इनमें तीन लोगों अरुण, प्रियंका और किशन को चोटें आई हैं, जबकि एक युवक पिंटू बाल-बाल बच गया। घायलों का एम्स ट्रॉमा सेटर में इलाज चल रहा है। इनकी हालत खतरे से बाहर है। बंगला साहिब गुरुद्वारा से ये लोग घर लौट रहे थे। संसद मार्ग थाना पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, होंडा सिटी गोविंदपुरी निवासी अरुण की है। वह पुरानी कार खरीदने-बेचने का काम करते हैं। रविवार सुबह वह अपनी कार से गोविंदपुरी निवासी अपनी जानकार प्रियंका और सोनिया विहार में रहने वाले किशन व पिंटू के साथ बंगला साहिब गुरुद्वारा गए थे। वहां से दर्शन के बाद वे घर लौट रहे थे। सुबह के वक्त रास्ता खाली होने के कारण अरुण तेज गति से कार चला रहा था। सुबह करीब पांच बजे नई दिल्ली पुलिस उपायुक्त कार्यालय के समीप कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही एक वैगनआर कार को टक्कर मारती हुई सड़क किनारे खड़ी दिल्ली पुलिस की वाटर कैनन से जा टकराई। इससे कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के वक्त होंडा सिटी की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। उधर, पुलिस के डर से वैगनआर चालक दुर्घटनाग्रस्त अपनी कार को लेकर मौके से भाग गया। वहीं, चारों कार सवार खुद ऑटो से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। वहां, अरुण, किशन और प्रियंका को भर्ती कर लिया गया। सूचना पाकर एम्स ट्रॉमा सेटर पहुंची पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज किया। पुलिस ने तीनों का मेडिकल जाच भी कराया। इसमें किसी के नशा किए जाने की पुष्टि नहीं हुई। कार की टक्कर से वाटर कैनन को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।