Move to Jagran APP

दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में फैला है मानव तस्करों का जाल, एजेंट करते हैं काम

मानव तस्करों ने बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा व झारखंड में सुनियोजित जाल फैलाया है। इन राज्यों में तस्करों ने हर पांच से छह गांवों में एक एजेंट छोड़ा है।

By Amit MishraEdited By: Updated: Mon, 30 Jul 2018 10:15 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में फैला है मानव तस्करों का जाल, एजेंट करते हैं काम
नई दिल्ली [जेएनएन]। मानव तस्कर रोजगार व शादी का झांसा दे देशभर के गरीबों व बेरोजगारों को दिल्ली ला रहे हैं। इसके बाद उन्हें यहां चल रहीं अवैध प्लेसमेंट एजेंसी, होटल, पब, बार, डिस्को थेक, कसीनों व देह व्यापार के धंधे से जुड़े लोगों को बेच रहे हैं। वहीं, कुछ को अरब देशों में भी भेजा जा रहा है। वर्ष 2016 से 31 मार्च 2018 तक की बात करें तो दिल्ली में 208 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

क्या कहते हैं आंकड़े 

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, वर्ष 2016 में क्राइम ब्रांच ने 66 केस दर्ज किए थे, जिनमें 76 पुरुष व 30 महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उनके चंगुल से 171 पुरुषों व 93 युवतियों को मुक्त कराया गया था। वहीं, 2017 में दर्ज 95 मुकदमों में 54 पुरुष व 26 महिला तस्करों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 408 पुरुष व 71 युवतियों को मुक्त कराया गया था। 2018 में 31 मार्च तक 17 पुरुष व 5 महिला तस्करों को दबोच उनके कब्जे से 142 पुरुष व 41 युवतियों को मुक्त कराया गया।

सक्रिय नहीं है मानव तस्करी निरोधक दस्ता 

मानव तस्करों को दबोचने के लिए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच में मानव तस्करी निरोधक दस्ता बना है, लेकिन यह सूचना मिलने पर ही कार्रवाई करता है। बताया जाता है कि यह दस्ता कभी सक्रिय नहीं रहा है। इसीलिए दिल्ली में यह धंधा तेजी से पैर पसार रहा है। मानव तस्करी के दोषियों को सात साल से दस साल तक की सजा का प्रावधान है।

कुछ राज्यों में छोड़े गए हैं एजेंट

क्राइम ब्रांच के अधिकारी के मुताबिक, मानव तस्करों ने बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा व झारखंड में सुनियोजित जाल फैलाया है। इन राज्यों में तस्करों ने हर पांच से छह गांवों में एक एजेंट छोड़ा है, जो गरीब परिजनों से मिलकर उनके बच्चों को दिल्ली में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देता है। जो इस जाल में फंस जाता है, उसे वह दिल्ली ले आता है। यहां उसकी नौकरी प्लेसमेंट एजेंसी, पब, होटल या बार में लगवा दी जाती है, जबकि किशोरी या युवती को देह व्यापार से जुड़े लोगों को बेच दिया जाता है।

कई राज्यों में फैला है जाल 

तस्कर शादी कराने का झांसा देकर मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, नेपाल, पूर्वोत्तर राज्यों व राजस्थान से काफी युवतियों को दिल्ली लाकर बेच देते हैं। इसी तरह रेलवे स्टेशनों के पास कूड़ा बीनने वाली किशोरी व युवतियों को भी तस्कर अपने चंगुल में फंसाकर उन्हें देह व्यापार के धंधे में धकेल देते हैं। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।