Move to Jagran APP

गायक मीका सिंह के मुंबई स्टूडियो से हुई लाखों की चोरी मामले में आरोपित दिल्ली से गिरफ्तार

मीका के मैनेजर ने तीन लाख रुपये नकद और लाखों की ज्वैलरी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दिल्ली का ही रहने वाला है आरोपित। कई साल से कर रहा था चोरी।

By Amit SinghEdited By: Updated: Wed, 01 Aug 2018 06:03 PM (IST)
Hero Image
गायक मीका सिंह के मुंबई स्टूडियो से हुई लाखों की चोरी मामले में आरोपित दिल्ली से गिरफ्तार

नई दिल्ली (जेएनएन)। मशहूर गायक मीका सिंह के मुंबई स्थित स्टूडियो व ऑफिस से हुई लाखों की चोरी मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी का काफी सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपित के पास से 6900 यूएस डॉलर, 50 हजार रुपये की भारतीय मुद्रा और उसके तीन बैंक खातों में जमा पांच लाख रुपये, म्युजिक सॉफ्टवेयर वाली एक हार्ड डिस्क, मोबाइल फोन और मीका सिंह के स्टूडियों की चाबियों का एक गुच्छा आदि बरामद किया है। आरोपित से बरामद हुई कुल मुद्रा 10,83,000 रुपये है। आरोपित की पहचान 27 वर्षीय अंकित वासन के रूप में हुई है। उसका परिवार दिल्ली के उत्तम नगर स्थित सोम बाजार में रहता है।

गर्लफ्रैंड के घर के पास से गिरफ्तार हुआ आरोपित
थाना कीर्ति नगर पुलिस ने अंकित वासन को विकास पुरी क्षेत्र स्थित उसकी गर्लफ्रैंड के घर के पास से गिरफ्तार किया है। अंकित की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की टीमें वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 72 घंटे तक लगातार विभिन्न एंगल और सर्विलांस के जरिए काम करती रहीं। इसके बाद उसे गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है।

15 साल से मीका के साथ काम कर रहा था आरोपी
गिरफ्तारी के बाद अंकित वासन ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह 15 साल से गायक मीका सिंह के स्टूडियों में उनके साथ काम कर रहा था। इस दौरान वह गुपचुप तरीके से लगातार मीका सिंह के घर, ऑफिस और स्टूडियो वगैरह से नकदी, ज्वैलरी व अन्य कीमती सामान चोरी कर रहा था।

दिल्ली आते ही पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार
मीका सिंह को जब चोरी का संदेह हुआ तो आरोपित अंकित वासन 29 जुलाई को उनके ऑफिस से भाग निकला। दो दिन तक वह मुंबई में ही ठिकाने बदल-बदल कर छिपता रहा। बुधवार सुबह ही वह हवाई जहाज से दिल्ली पहुंचा था। उसके दिल्ली पहुंचने के कुछ देर बाद ही दिल्ली के कीर्ति नगर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मीका सिंह के मैनेजर ने दर्ज कराई थी एफआईआर
गायक मीका सिंह के स्टूडियो व ऑफिस से हुई लाखों की चोरी के मामले में 30 जुलाई की दोपहर उनके मैनेजर ने मुंबई के ओशिवारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस एफआइआर में तीन लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के गहने चोरी होने का जिक्र किया गया था।

सीसीटीवी में कैद हो गया था अंकित
चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मुंबई पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। प्राथमिक जांच में पुलिस को सीसीटीवी कैमरों में अंकित वासन गुपचुप तरीके से स्टूडियो से निकलता हुआ दिख गया था। बिना बताए स्टूडियो से गायब होने की वजह से पुलिस को तुरंत उस पर संदेह हो गया था। अंकित का परिवार दिल्ली में रहता है। लिहाजा मुंबई पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को देकर जांच में सहयोग मांगा। इसके बाद से दिल्ली पुलिस की टीमें अंकित की तलाश में जुटी हुई थीं।

मुंबई पुलिस ले जाएगी ट्रांजिट रिमांड पर
दिल्ली पुलिस के अनुसार चोरी की रिपोर्ट मुंबई में दर्ज है, लिहाजा केस की आगे की जांच मुंबई पुलिस ही करेगी। मुंबई पुलिस को अंकित की गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। मुंबई पुलिस अंकित को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले जाएगी। दिल्ली पुलिस अंकित से चोरी के मामले में और जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रही है। पुलिस ये भी पता लगाने का प्रयास कर रही है चोरी की इस वारदात में अंकित के साथ और कौन-कौन शामिल है। उसने चोरी का सामान किसे-किसे बेचा है। पुलिस चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई कर सकती है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।