Move to Jagran APP

पुरानी दिल्ली की महिलाओं पर चढ़ा फिटनेस का जुनून

नेमिष हेमंत, नई दिल्ली इन दिनों लोग फिटनेस को लेकर काफी जागरूक रहने लगे हैं। बात करें ह

By JagranEdited By: Updated: Wed, 01 Aug 2018 09:27 PM (IST)
Hero Image
पुरानी दिल्ली की महिलाओं पर चढ़ा फिटनेस का जुनून

नेमिष हेमंत, नई दिल्ली

फिटनेस को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है। 'हम फिट तो इंडिया फिट' चैलेंज तो सोशल मीडिया पर काफी हिट साबित हुआ है। प्रधानमंत्री से लेकर खेल मंत्री तक लोगों को निरोग रहने से लेकर व्यायाम व योग के साथ अन्य गतिविधियों पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में पुरानी दिल्ली की महिलाएं कैसे पीछे रहतीं। उनमें भी फिटनेस को लेकर जुनून बढ़ा है। पहले जहां महिलाएं घर से सिर्फ कामकाज के लिए बाहर निकलती थीं, वहीं अब वे खुद को फिट रखने के लिए जिम की ओर कदम बढ़ा रही हैं। फतेहपुरी मस्जिद के पास कटरा बरियान में फन एंड फिटनेस जिम के ट्रेनर मो.फरहान के मुताबिक उनके पास ही दो वर्ष में महिलाओं की संख्या में 300 फीसद की वृद्धि देखने को मिली है। दो साल पहले जहां 10 महिलाएं थीं, वहीं अब इनकी संख्या 35 के आसपास हो गई है। इनमें युवतियों की संख्या ज्यादा है। जिन महिलाओं को घर में भी पर्दे में रहना पड़ता है वे भी फिटनेस को लेकर जागरूक हुई हैं और ट्रेनर के बताए आसान व्यायाम को आजमा कर खुद को रोगमुक्त रखने का प्रयास कर रही हैं।

इस बारे में सुईवालान की नाजिया खान कहती हैं कि दिल्ली में पार्को की संख्या न के बराबर है। ऐसे में स्वस्थ रहने के लिए जरूरी है कि खुद को दुरुस्त रखा जाए और इसके लिए जिम या घर पर व्यायाम करना आसान विकल्प है। नाजिया दरियागंज में एक फूड आउटलेट्स में काम करती हैं। ऐसे में वे शाम का समय वर्कआउट के लिए निकालती हैं।

10 साल से खुद को फिट रखने के साथ दूसरों को जागरूक करने में जुटी दरियागंज के कूचा ताराचंद की रहने वाली असमा ने बताया कि बचपन से ही उन्हें फिट रहने और जिम का शौक था। हालांकि, शादी के बाद गृहस्थी को संभालने में उनका शौक पीछे छूट गया। बाद के वर्षो में उच्च रक्तचाप की शिकायत हुई। चिकित्सकों ने उन्हें वॉक करने की सलाह दी, जिसके बाद फिर से उनका पुराना शौक जिंदा हो गया। लगातर छह वर्ष तक जिम में खुद को ट्रेंड करने के बाद अब वे सफल ट्रेनर हैं। उन्होंने चार साल में 70 युवतियों व 35 से ज्यादा महिलाओं को फिट रहने का मंत्र दिया है।

असमा के मुताबिक पुरानी दिल्ली की महिलाओं को पर्दे से बाहर निकालकर जिम तक पहुंचाना कठिन काम है। इसके लिए वे इच्छुक महिलाओं के घर वालों को समझाती हैं। अगर तब भी परिवार वाले तैयार नहीं होते तो वे घर पर ही सरल व्यायाम बताती हैं। इसका फायदा उन महिलाओं को मिल रहा है। उनका कहना है कि आज की युवतियां खुद को फिट रखने को लेकर ज्यादा गंभीर हैं, क्योंकि वे नौकरी के सिलसिले में बाहर निकल रही हैं। इसके साथ ही अच्छी शादियों के लिए खुद को फिट रखना अच्छा माना जाता है। ऐसे में पुरानी दिल्ली में फिट रहने को लेकर वर्जनाएं दरक रही हैं। देखते ही देखते उनके घर के आस-पास 10 से अधिक जिम खुल गए हैं जो महिलाओं को व्यायाम की जगह मुहैया कराते हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।