Move to Jagran APP

ड्रग्स तस्करी में तीन गिरफ्तार, पांच किलो हेरोइन जब्त

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नशीले पदार्थो की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

By JagranEdited By: Updated: Wed, 01 Aug 2018 10:18 PM (IST)
Hero Image
ड्रग्स तस्करी में तीन गिरफ्तार, पांच किलो हेरोइन जब्त

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नशीले पदार्थो की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सवा पांच किलो हेरोइन जब्त की गई है। आरोपितों की पहचान दीपक गोयल, हरिदंर पाल और प्रिंस उर्फ राजकुमार के रूप में हुई है। स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर स्कोडा कार से रोहिणी इलाके में आएंगे, जहां वे दवा विक्रेताओं को हेरोइन की सप्लाई भी करेंगे।

स्पेशल सेल ने इंस्पेक्टर ईश्वर चंद्र के नेतृत्व में एक टीम बनाई। टीम रणनीति के तहत रविवार को मुकरबा चौक के पास वाहनों की जांच कर रही थी। शाम करीब साढ़े छह बजे स्कोडा कार आती दिखाई दी, जिसमें दो लोग थे। ड्राइवर को गाड़ी रोकने का इशारा किया गया तो उसने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। पुलिस ने चारों ओर से कार को घेर कर दोनों को दबोच लिया। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे उत्तम नगर में रहने वाले नाइजीरियाई प्रिंस से हेरोइन खरीदते हैं। बाद में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में खपाते हैं। दीपक ने बताया कि प्रिंस से उसकी दो साल पहले पटियाला जेल में मुलाकात हुई थी। प्रिंस ने उसे फेसबुक आइडी दिया और जेल से बाहर आने पर संपर्क करने को कहा। तस्करी से पहले दीपक दवाइयों के कारोबार से जुड़ा था। इसके बाद स्पेशल सेल ने उत्तम नगर से प्रिंस को दबोच लिया। पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि उसने हेरोइन युगांडा के रहने वाले एक शख्स से खरीदी थी। वह कोरियर के माध्यम से कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड व फ्रांस से हेरोइन मंगाता है। इस गिरोह के अन्य सदस्यों को दबोचने के लिए दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। दीपक को पांच साल पहले पंजाब की पटियाला पुलिस ने ड्रग्स तस्करी में गिरफ्तार किया था। वह पंजाब और हरियाणा में तस्करों को हेरोइन आपूर्ति करता था। दूसरा आरोपित हरेंद्र पिंजौर में नशीले पदार्थो की तस्करी से जुड़ा हुआ था। प्रिंस नाईजीरिया का रहने वाला है। वह वर्ष 2016 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था और उत्तम नगर के नवादा में रह रहा था। वीजा खत्म होने के बाद भी वह वापस नहीं लौटा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।