Move to Jagran APP

प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का बढ़ रहा तापमान, अब सिर्फ 92% ही होगी बारिश

स्काईमेट के अनुसार, जून में देशभर में 95 फीसद बारिश ही दर्ज की गई। जुलाई की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। जुलाई में सामान्य से नौ फीसद बारिश कम हुई।

By JP YadavEdited By: Updated: Thu, 02 Aug 2018 08:42 AM (IST)
Hero Image
प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का बढ़ रहा तापमान, अब सिर्फ 92% ही होगी बारिश
नई दिल्ली (संजीव गुप्ता)। झमाझम बारिश की आस लगाए बैठे लोगों को यह जानकर थोड़ा झटका लग सकता है कि मानसून अब कमजोर पड़ गया है। मानसून का ताजा हाल देखकर स्काईमेट वेदर ने भी पूर्वानुमान में बदलाव किया है। पहले मानसून के चार महीनों में जहां 97 फीसद बारिश की संभावना बताई गई थी, वहीं अब केवल 92 फीसद बारिश के ही आसार बताए जा रहे हैं। दिल्ली में अगस्त व सितंबर में मानसून मजबूत स्थिति में नहीं रहेगा।

स्काईमेट के अनुसार, जून में देशभर में 95 फीसद बारिश ही दर्ज की गई। जुलाई की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। जुलाई में सामान्य से नौ फीसद बारिश कम हुई। स्काईमेट के मुख्य विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान लगातार बढ़ रहा है। अल नीनो के उभरने की संभावनाएं भी बन रही हैं। मानसून की शुरुआत में सक्रिय हुआ मैडन जूलियन ओशलेशन (एमजेओ) भी अब निष्प्रभावी है। इस वजह से मानसून कमजोर होगा।

स्काईमेट के अनुसार, अगस्त में अब महज 88 फीसद बारिश की संभावना है। सितंबर में भी 93 फीसद के ही आसार हैं। स्काईमेट के अनुसार, दिल्ली में अभी मानसून भले सरपल्स है लेकिन आने वाले कई दिनों तक बारिश की संभावनाएं नहीं हैं। इस वजह से यहां भी बारिश में कमी आएगी। अगस्त और सितंबर में दिल्ली में भी सामान्य से कम बारिश होगी।

तीन वर्षों में अगस्त की शुरुआत में सबसे अधिक गर्मी

पिछले तीन वर्षों में इस बार अगस्त की शुरुआत सबसे अधिक गर्म रही। राजधानी के कई क्षेत्रों में मंगलवार रात में मध्यम बारिश दर्ज होने के बाद भी बुधवार को तापमान बढ़ा रहा। यह स्थिति मानसून के कमजोर पड़ने की वजह से बनी है। विभाग के अनुसार, अभी दिल्ली में शुष्क बने रहने की संभावना है। पांच अगस्त से बूंदाबांदी और नौ अगस्त से अच्छी बारिश के आसार हैं। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते तीन वर्षो में अगस्त की शुरुआत इतनी गर्म कभी नहीं हुई। 2016 और 2017 में इस दिन का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि 2015 में 32 था। वहीं, मंगलवार की रात 0.6 एमएम बारिश हुई। गुरुवार को दिन में हल्के बादल छाए रहने की संभावनाएं बनी हुई हैं। विभाग के अनुसार, तीन दिनों तक दिल्ली में बारिश की संभावनाएं नहीं हैं। इसके बाद 5 अगस्त से हल्की बारिश शुरू होगी। स्काईमेट के अनुसार, अब नौ अगस्त को ही दिल्ली में बारिश की संभावनाएं हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।