Move to Jagran APP

महागठबंधन से निपटने में जुटी भाजपा, 11 पदाधिकारियों की कमेटी बना दी गई जिम्मेदारी

50 दलित व 50 ओबीसी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने के लिए 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इनके जरिए सपा व बसपा के वोट बैंक में सेंध लगाई जाएगी।

By Amit SinghEdited By: Updated: Thu, 02 Aug 2018 03:48 PM (IST)
Hero Image
महागठबंधन से निपटने में जुटी भाजपा, 11 पदाधिकारियों की कमेटी बना दी गई जिम्मेदारी
नोएडा (जेएनएन)। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी दलितों को साधने में जुट गई है। इसके लिए जिले से 50 दलित भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।

दलित के अलावा अन्य वर्ग के भी 50 लोगों को पद दिया जाएगा। इसके लिए 100 भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनने के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जिसमें केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष नवाब सिंह नागर समेत कुल 11 पदाधिकारियों को रखा गया है। कमेटी ने बुधवार को 100 लोगों की सूची तैयार कर ली है। जिसे 3 अगस्त को प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल को सौंप दिया जाएगा।

गोरखपुर, फूलपुर व कैराना में लोकसभा का उप चुनाव हारने के बाद भाजपा सचेत हो गई है। महागठबंधन बनने के बाद भी पार्टी के बेहतरीन प्रदर्शन के लिए भाजपा ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसे लेकर मेरठ में भाजपा के संगठन पदाधिकारियों की बैठक भी हुई है। इसमें प्रदेश के संगठन मंत्री सुनील बंसल भी मौजूद थे।

इस बैठक में तय हुआ कि पार्टी के दलित व पिछड़े पदाधिकारियों को प्रमोट किया जाएगा। इससे समाज के इस वर्ग को पार्टी से जोड़ा जा सके। सामान्य तौर पर प्रदेश में दलित को बसपा और ओबीसी की यादव जाति को सपा का वोट बैंक माना जाता है। भाजपा 2019 में भी 2014 के लोकसभा चुनाव की तरह इस वर्ग में जोरदार सेंधमारी की जुगत में है। इसी कारण जिले के 50 दलित कार्यकर्ताओं को प्रदेश के विभिन्न विभाग व निगम में प्रतिनिधित्व देने पर सहमति बनी है।

इस बार लोकसभा प्रमुख भी बनेंगे

भाजपा ने पार्टी को मजबूती दिलाने के लिए वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव से पहले सभी लोकसभा क्षेत्र में प्रभारी के साथ लोकसभा प्रमुख बनाने का भी निर्णय लिया है। लोकसभा प्रभारी की जिम्मेदारी जिले के बाहर के नेता को दी जाएगी। लोकसभा प्रमुख जिले का मजबूत जनाधार वाला नेता होगा। जिसे तय करने की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन महामंत्री समेत अन्य नेताओं की होगी।

भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री विनोद त्यागी के अनुसार पार्टी ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। महागठबंधन का भी भाजपा पर कोई असर नहीं होगा। पार्टी हर वर्ग से जुड़ी है। इसे और मजबूत करने के लिए कार्य चल रहा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।