Move to Jagran APP

बदरपुर से आश्रम तक फर्राटा भरेंगे वाहन, आठ किमी का हाइवे होगा सिग्नल फ्री!

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तीन माह पहले इस मार्ग को सिग्नल फ्री बनाने का आश्वासन दिया था, मगर दिल्ली सरकार इसमें रुचि नहीं दिखा रही है।

By Amit SinghEdited By: Updated: Thu, 02 Aug 2018 04:10 PM (IST)
Hero Image
बदरपुर से आश्रम तक फर्राटा भरेंगे वाहन, आठ किमी का हाइवे होगा सिग्नल फ्री!
नई दिल्ली (बिजेंद्र बंसल)। दक्षिण दिल्ली में बदरपुर से आश्रम तक आठ किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को सिग्नल फ्री कराने की कवायद शुरू हो गई है। इसको लेकर हरियाणा सरकार ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से गुहार लगाई है। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर इस मार्ग पर लगने वाले जाम से फरीदाबाद के आर्थिक विकास पर पड़ रहे असर के बारे में बताया।

विपुल गोयल का कहना है कि केंद्र सरकार ने दिल्ली-आगरा मार्ग को बदरपुर से आगे बल्लभगढ़ तक तो छह लेन कर सिग्नल फ्री कर दिया है। बावजूद इसका फायदा फरीदाबाद को नहीं मिल रहा है। इसका कारण दिल्ली से फरीदाबाद के बीच बदरपुर से आश्रम तक लगने वाला जाम है।

केजीपी से भी नहीं मिला फायदा

उद्योग मंत्री विपुल गोयल का कहना है कि पहले यह माना जा रहा था कि पलवल-गाजियाबाद-कुंडली (केजीपी) एक्सप्रेस वे शुरू होने के बाद बदरपुर से आश्रम तक के जाम में कमी आएगी, मगर ऐसा नहीं हुआ। यही कारण है कि फरीदाबाद उद्योग जगत के समग्र विकास और दक्षिण दिल्ली के लोगों को जाम से निजात दिलाने को बदरपुर बॉर्डर से आश्रम तक का मार्ग सिग्नल फ्री कराना जरूरी हो गया है।

बदरपुर से आश्रम तक के जाम से प्रभावित हो रहा फरीदाबाद का विकास

हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 19 (ओल्ड 2) बदरपुर से बल्लभगढ़ तक छह लेन के रूप में विकसित हो चुका है, मगर बदरपुर बॉर्डर से आश्रम तक प्रतिदिन जाम रहता है। इसका असर औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के आर्थिक विकास पर पड़ रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तीन माह पहले इस मार्ग को सिग्नल फ्री बनाने का आश्वासन दिया था, मगर दिल्ली सरकार इसमें रुचि नहीं दिखा रही है। हरियाणा सरकार की तरफ से हमने नितिन गडकरी के समक्ष यह मामला गंभीरता से उठाया है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि शीघ्र ही इस मार्ग को सिग्नल फ्री कराने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।