Move to Jagran APP

आप-भाजपा के खिलाफ घर-घर पहुंचेगी कांग्रेस

मिशन-2019 की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस अब अपने कार्यकर्ताओं के जरिये मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा और आप के खिलाफ घर-घर प्रचार करेगी।

By JagranEdited By: Updated: Thu, 02 Aug 2018 07:24 PM (IST)
Hero Image
आप-भाजपा के खिलाफ घर-घर पहुंचेगी कांग्रेस

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली

मिशन-2019 की तैयारियों में जुटी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अब अपने कार्यकर्ताओं के जरिये मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा और आम आदमी पार्टी के खिलाफ घर- घर प्रचार करेगी। जनता के सामने उनके चुनावी वादों की हकीकत बयां करेगी। इसके साथ ही शीला दीक्षित सरकार के 15 साल के कार्यकाल की यादें भी ताजा कराएगी। इसके लिए 'केजरीवाल और भाजपा का सच, जानना आपका हक' इश्तहार भी छपवाया गया है।

जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी करने के बाद कांग्रेस अब दिल्ली में 13 हजार बूथों के लिए भी कमेटी बनाने में लग गई है। सभी नवनियुक्त जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को इसके लिए 15 दिन का समय दिया गया है। माना जा रहा है कि अगस्त के अंत तक ये कमेटियां मूर्त रूप ले लेंगी। उन्हें कहा गया है कि पहले वह अपने स्तर पर बूथ लेवल कमेटियों के लिए कार्यकर्ता चिह्नित करें, इसके बाद संगठन के आला पदाधिकारी उन्हें अंतिम स्वीकृति देंगे।

पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, सभी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों के परिचय पत्र भी तैयार करा लिए गए हैं, जो शुक्रवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में होने वाले विशेष प्रशिक्षण सम्मेलन में उन्हें दिए जाएंगे। इस दौरान उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में अधिकाधिक जनसंपर्क बनाने की जिम्मेदारी देते हुए ये गुर भी सिखाए जाएंगे कि जन-जन तक कांग्रेस की उपलब्धियां और पार्टी हाईकमान राहुल गांधी की सोच व संदेश को कैसे पहुंचाया जाए।

दोतरफा नीति पर चलते हुए पार्टी ने एक ओर आप व भाजपा को निशाने पर रखकर इश्तहार छपवाए हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल की उपलब्धियों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है। बूथ कार्यकर्ताओं को उक्त संदेश दिल्ली के कम से कम 13 लाख घरों तक पहुंचाने होंगे। पार्टी का मानना है कि इस दोतरफा तुलना से सभी सोचने पर विवश होंगे और शीला सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यो को याद कर कांग्रेस के पक्ष में मंथन करेंगे।

------------- 2019 के लोकसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। शुक्रवार के सम्मेलन में सभी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके बाद इसी माह बूथ लेवल कमेटियां भी गठित कर दी जाएंगी। पार्टी का प्रयास अब हर घर और मतदाता तक पहुंचना है।

- अजय माकन, प्रदेश अध्यक्ष, दिल्ली कांग्रेस

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।