Move to Jagran APP

दिल्ली में 23 फीसद कम हुई बारिश, दो हफ्ते के भीतर हो जाएगी मानसून की विदाई

दिल्ली में अगस्त में भी सामान्य से 17 फीसद कम बारिश हुई है। इसकी वजह पूरी दिल्ली के बजाय कुछ हिस्सों में बारिश का होना है।

By Edited By: Updated: Fri, 31 Aug 2018 10:19 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में 23 फीसद कम हुई बारिश, दो हफ्ते के भीतर हो जाएगी मानसून की विदाई

नई दिल्ली [जेएनएन]। मौसम विभाग के मानसून पूर्व किए गए पूर्वानुमान से परे दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में इस बार 23 फीसद तक कम बारिश हुई है। विभाग को अब इन राज्यों में अधिक बारिश होने की ज्यादा उम्मीद भी नहीं लग रही है, क्योंकि मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अगले दो हफ्ते के भीतर मानसून इन राज्यों से विदाई ले लेगा।

मानसून की बारिश कम हुई

उत्तर पश्चिमी भारत के सभी हिस्सों में इस बार मानसून की बारिश कम हुई है। एक जून से 31 अगस्त तक के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो पूर्वी उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में नौ, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में चार, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में 23, पंजाब में 14 जबकि पश्चिमी राजस्थान में मानसून की 17 फीसद तक कम बारिश हुई है।

इस वजह से कम हुई बारिश 

मौसम विभाग का कहना है कि उक्त सभी राज्य कम मानसूनी बारिश वाले जोन में आते रहे हैं। इसके पीछे एक वजह तो यह है कि यहां तक आते-आते मानसून टर्फ के साथ हवा भी थोड़ी कमजोर पड़ जाती है। इन राज्यों में बढ़ रही निर्माण गतिविधियां, घटती हरियाली और किसी प्रमुख नदी-नहर का नहीं होना भी इसकी वजह है।

17 फीसद कम हुई बारिश 

दिल्ली में अगस्त में भी सामान्य से 17 फीसद कम बारिश हुई है। इसकी वजह पूरी दिल्ली के बजाय कुछ हिस्सों में बारिश का होना है। अगस्त में अभी तक 206.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि इस माह सामान्य बारिश 247.7 मिलीमीटर है।

बारिश हुई हल्की, फिर बढ़ी उमस

दो दिनों से बारिश कम होने से गर्मी और उमस ने फिर से परेशान करना शुरु कर दिया है। शुक्रवार को दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 61 से 85 फीसद दर्ज किया गया। रविवार को तापमान में फिर से गिरावट आएगी और औसत अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बूंदाबादी की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार चार से आठ सितंबर के बीच दिल्ली में 7 से 13 सेंटीमीटर बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली-NCR में मौसम हुआ मेहरबान, कई इलाकों में हुई बारिश, उमस से मिली राहत

15 सितंबर तक मानसून की हो जाएगी विदाई 

मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. केजे रमेश का कहना है कि यह सही है कि उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में इस बार बारिश कुछ कम हुई है। अब बहुत अधिक बारिश होने की संभावना भी नहीं है। 15 सितंबर तक मानसून की विदाई हो जाएगी।  

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।