Move to Jagran APP

पानी-पानी हुई राजधानी, मंकी ब्रिज में फंसी बस, दमकल विभाग 15 यात्रियों को बचाया

लाल किला के पीछे मंकी ब्रिज के नीचे चार से पांच फीट पानी भर गया। इसमें क्लस्टर बस फंस गई। बस में 30 यात्री सवार थे, इसमें से 15 यात्री स्वयं बाहर निकल आए।

By Edited By: Updated: Sat, 01 Sep 2018 10:27 PM (IST)
Hero Image
पानी-पानी हुई राजधानी, मंकी ब्रिज में फंसी बस, दमकल विभाग 15 यात्रियों को बचाया

नई दिल्ली [जेएनएन]। झमाझम बरसात ने लोगों को उमस से राहत तो दी, लेकिन इसने शनिवार के दिन को दिल्ली की सड़कों को दरिया में बदलने के लिए यादगार भी बना दिया। ज्यादातर इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। लाल किला के पीछे मंकी ब्रिज के नीचे चार से पांच फीट पानी भर गया। इसमें क्लस्टर बस फंस गई। बस में 30 यात्री सवार थे, इसमें से 15 यात्री स्वयं बाहर निकल आए। दमकल विभाग ने शेष 15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पानी-पानी हुई राजधानी

विकास मीनार के सामने रामचरण अग्रवाल चौक की तरफ जाने वाली सड़कों पर भी पानी भर गया। यहां पर भी क्लस्टर बस बीच सड़क खराब हो गई। पुलिस मुख्यालय के पीछे की सड़क पर भी पानी भर गया। आजाद मार्केट रेलवे अंडर ब्रिज, निर्माणाधीन अंडर ब्रिज, फिल्मिस्तान, कश्मीरी गेट प्रधान डाकघर के पास, जमुना बाजार रोड, रानी झांसी मार्ग, जैन मंदिर चांदनी चौक, तेलीवाड़ा, सदर बाजार, कुतुब चौक, जाकिर हुसैन कॉलेज के सामने, बहादुरशाह जफर मार्ग पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जलभराव ने किया परेशान

पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग, गीता कॉलोनी एसडीएम दफ्तर के सामने, चाचा नेहरू अस्पताल के सामने, ब्रह्मपुरी, सीलमपुर, वजीराबाद, यमुना विहार, मुस्तफाबाद, शास्त्री पार्क पुश्ता, शाहदरा जीटी रोड, लक्ष्मी नगर, मंडावली, जगतपुरी, दिलशाद गार्डन, शाहदरा और भोलानाथ नगर अंडर पास में जलभराव हुआ। इसी तरह बाहरी दिल्ली के पंजाबी बाग,रानी बाग, कर्मपुरा, बादली, रामा विहार में जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

लुटियंस दिल्ली के कई इलाकों में भरा पानी, बिजली भी रही गुल

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद को जलभराव की 14 शिकायतें मिलीं। इसमें उपराष्ट्रपति के निवास के गेट नंबर एक के पास के अलावा जवाहरलाल नेहरू मार्ग, बापा नगर, भगवान दास रोड, आरएमएल अस्पताल के सामने, तालकटोरा स्टेडियम, कॉलेज लेन बंगाली मार्केट, कौटिल्य मार्ग, सत्या मार्ग, कालीबाड़ी मार्ग पर जलभराव हो गया। वहीं आधा घंटा तक इन इलाकों में बिजली भी गुल रही। एनडीएमसी नियंत्रण कक्ष के मुताबिक बिजली गुल की 75 शिकायतें मिलीं। साथ ही 36 शिकायतें पेड़ और टहनियां गिरने की मिलीं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।