Move to Jagran APP

पादरी पर हमला करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

गुलाबी बाग थाना क्षेत्र में पादरी पर पत्थर से हमला करने वाले दो आरोपित युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान विशाल और मनीष के रूप में हुई है। शराब के नशे में धुत्त आरोपित जबरदस्ती पादरी की बेटी के जन्म दिन की पार्टी में घुसकर हंगामा किया था।

By JagranEdited By: Updated: Sat, 01 Sep 2018 10:27 PM (IST)
Hero Image
पादरी पर हमला करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली

गुलाबी बाग थाना क्षेत्र में पादरी पर पत्थर से हमला करने वाले दो आरोपित युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान विशाल और मनीष के रूप में हुई है। शराब के नशे में धुत्त आरोपित जबरदस्ती पादरी की बेटी के जन्म दिन की पार्टी में घुसकर हंगामा किया था। जब पादरी ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो युवकों ने पत्थरों से उन पर हमला कर दिया था। इसमें पीडि़त को सिर में चोटें आई थीं। बाद में आरोपित फरार हो गए थे। गुलाबी बाग थाना पुलिस गैर इरादतन हत्या की कोशिश की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, 49 वर्षीय दिनेश दास करोल बाग स्थित बैपटिस्ट चर्च में पादरी हैं। उनकी बेटी का गत सोमवार को जन्मदिन था। इसको लेकर प्रताप नगर मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित उनके घर पर पार्टी का आयोजन किया गया था। आरोप है कि देर रात इस पार्टी में कुछ स्थानीय युवक घुस आए थे। इसका दिनेश दास ने विरोध करते हुए युवकों से कहा था कि पार्टी चल रही है, इसलिए यहां से चले जाएं। नशे में धुत्त आरोपित युवक खाना खाने की जिद करने लगे थे। वहीं, विरोध करने पर युवकों ने पादरी पर पत्थर से हमला कर दिया था।

एक पत्थर दिनेश दास के सिर पर लगा था। वहीं, हमला कर दोनों युवक वहां से फरार हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पादरी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। शिकायत के बाद जब पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और घटना स्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे से आरोपितों की तस्वीर बरामद कर ली। दोनों युवकों ने विशेष प्रकार की टी शर्ट पहन रखी थी। इस आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात गुलाबी बाग क्षेत्र से विशाल और मनीष को गिरफ्तार कर लिया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।