Move to Jagran APP

बारिश का कहरः दो मंजिला इमारत गिरने से महिला की मौत, दो मजदूर घायल

खाना बना रही महिला समेत छत पर काम कर रहे दो मजदूर दबे। महिला कि दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत। दोनों मजदूर मौके से फरार हैं।

By Amit SinghEdited By: Updated: Sun, 02 Sep 2018 02:39 PM (IST)
Hero Image
बारिश का कहरः दो मंजिला इमारत गिरने से महिला की मौत, दो मजदूर घायल
गाजियाबाद (जेएनएन)। साहिबाबाद स्थित शालीमार गार्डन के विक्रम एंक्लेव में रविवार दोपहर बारिश के दौरान दो मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। उस वक्त मकान के अंदर एक महिला खाना पका रही थी। मलबे में दबने की वजह से उसकी मौत हो गई है। वहीं इमारत की दूसरी मंजिल पर काम कर रहे दो मजदूर भी हादसे में मामूली रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर जांच में जुटी।

मूलरूप से संभल के सेमली गांव के रहने वाले जहीर परिवार के साथ शालीमार गार्डन के विक्रम एंक्लेव में रहते हैं। वह भोपुरा तिराहे पर कबाड़ी का काम करते हैं। पहली मंजिल पर उनकी पत्नी परवीना रविवार दोपहर खाना बना रही थी। उनकी 13 वर्षीय बेटी निशा कमरे में पढ़ाई कर रही थी। दूसरी मंजिल की छत पर दो मजदूर प्लास्टर का काम कर रहे थे।

दोपहर करीब 12 बजे दूसरी मंजिल की छत भरभराकर पहली मंजिल के कमरे में खाना बना रही परवीना के ऊपर गिर गई। साथ ही छत पर काम कर रहे दोनों मजदूर भी नीचे गिर गए। हादसे में परवीना गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दोनों मजदूरों को मामूली चोटें आई। परवीना को गंभीर हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

बारिश की वजह से रविवार सुबह दिल्ली में भी एक जर्जर बहुमंजिला इमारत गिर गई। इमारत गिरने की घटना दिल्ली की नई सड़क पर हुई है। दोपहर करीब 12 बजे यहां मौजूद 2710 नंबर की बहुमंजिला बिल्डिंग भरभरा कर गिर गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे में किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। दरअसल बिल्डिंग जर्जर होने की वजह से पहले से ही खाली पड़ी थी। फायर ब्रिगेड की टीम मलबा हटवा रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।