Move to Jagran APP

1008 प्रकार के व्यंजन और रशियन केक से लगेगा कन्हैया को भोग, भक्तों को मिलेगा प्रसाद

कन्हैया को जिन रशियन केक का भोग लगाया जाएगा, वह सौ प्रकार के केक रशियन भक्तों की ओर से तैयार किए जाएंगे। सभी भक्तों को ठंडाई और फलों का प्रसाद दिया जाएगा।

By Edited By: Updated: Sun, 02 Sep 2018 07:12 PM (IST)
Hero Image
1008 प्रकार के व्यंजन और रशियन केक से लगेगा कन्हैया को भोग, भक्तों को मिलेगा प्रसाद
नई दिल्ली [जेएनएन]। कन्हैया के जन्मदिन को मनाने के लिए ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जन्माष्टमी पर कन्हैया को 1008 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाने के साथ सौ प्रकार के रशियन केक का भी भोग लगाया जाएगा। मंदिर को थाईलैंड और मलेशिया से मंगाए गए फूलों से सजाया गया है। कोलकाता से मंगाए गए गेंदा और मोगरा के फूलों का प्रयोग भी मंदिर को सजाने में किया गया है।

पूरी है तैयारी 

इस्कॉन के राष्ट्रीय संपर्क निदेशक बृजेंद्र नंदन दास ने बताया कि जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में श्री कृष्ण के गर्भगृह में नाचते हुए मोर को दिखाया जाएगा और ऊपर शिखर चक्र बनाया गया है। मटकी, बांसुरी और मोर पंखों के जरिये मंदिर का आकर्षण और बढ़ा दिया गया है। रंगीन झूलता हुआ झूमर भी लोगों को यहां आकर्षित करेगा।

आठ लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

कन्हैया को जिन रशियन केक का भोग लगाया जाएगा, वह सौ प्रकार के केक रशियन भक्तों की ओर से तैयार किए जाएंगे। वृंदावन और दिल्ली के कारीगरों की ओर से तैयार किए गए वस्त्र और आभूषणों से राधा-कृष्ण का श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर के मुख्य द्वार पर कृष्ण की 24 लीलाओं के कट आउट लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार जन्माष्टमी पर मंदिर में आठ लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। सभी भक्तों को ठंडाई और फलों का प्रसाद दिया जाएगा।

सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था

मंदिर में आने वाले लोगों के लिए सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए 170 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 500 सुरक्षा गार्ड और दिल्ली पुलिस के 700 जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। 15 मचान और 20 मोर्चा बंद के जवान तैनात होंगे। दमकल विभाग के दो वाहन और दो एंबुलेंस चिकित्सकों की टीम के साथ मौके पर रहेंगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।