Move to Jagran APP

खतरनाक हुई पुरानी दिल्ली की जर्जर इमारतें

लगातार बारिश से पुरानी दिल्ली की जर्जर इमारतें खतरनाक हो गई हैं। इस कारण रविवार सुबह नई सड़क इलाके में स्थित एक बहुमंजिला जर्जर इमारत का एक हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि इसकी चपेट में आने से लोग बच गए। इस जर्जर मकान में कोई नहीं रहता था।

By JagranEdited By: Updated: Sun, 02 Sep 2018 10:21 PM (IST)
Hero Image
खतरनाक हुई पुरानी दिल्ली की जर्जर इमारतें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :

लगातार बारिश से पुरानी दिल्ली की जर्जर इमारतें खतरनाक हो गई हैं। इस कारण रविवार सुबह नई सड़क इलाके में स्थित एक बहुमंजिला इमारत का एक हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि इसकी चपेट में आने से लोग बच गए। इस मकान में कोई नहीं रहता था। बताया जाता है कि इस इमारत को नगर निगम ने पहले से खतरनाक घोषित कर रखा था, लेकिन इसे समय रहते गिराने में लापरवाही बरती। शनिवार को भी नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को आगाह किया गया था।

नई सड़क स्थित भवन संख्या-2710 तीन मंजिला है और यह 80 साल पुराना है। इसका कुछ हिस्सा पहले ही ढह गया था। रविवार सुबह 10 बजे अचानक इसके सामने का हिस्सा तेज आवाज के साथ ढह गया। गनीमत यह रही कि मुश्किल से 30 सेकेंड पहले तक इस इमारत के सामने खड़े स्थानीय निवासी राजकुमार(50), यश(15) व अक्षय (28) वहां से हट गए थे। मलबा गिरने से गली में आवागमन अवरूद्ध हो गया है।

जानकारी के बाद अग्निशमन, दिल्ली पुलिस और नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। निगम के एक अधिकारी के मुताबिक, मलबा हटाने में दो से तीन दिन का वक्त लग सकता है। स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति आक्रोश है। स्थानीय निवासी प्रवीण कश्यप ने कहा कि इस इमारत के संबंध में नगर निगम से कई बार शिकायत की गई थी। शनिवार को जब यह इमारत झुक गई थी, उस समय भी स्थानीय पार्षद रविंद्र कुमार व इलाके में तैनात एक जूनियर इंजीनियर को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन नगर निगम ने लापरवाही बरती। निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इस इमारत को खतरनाक घोषित किया गया था और 250 गज में फैले इस पुरानी इमारत के कुछ हिस्से को पहले गिराया भी गया था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके के साथ ही बल्लीमारान, चांदनी चौक व खारी बावली समेत अन्य इलाकों में कई अन्य जर्जर इमारते हैं, जो लगातार बारिश होने के बाद खतरनाक हो गई हैं। इस कारण इन इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में हैं, लेकिन नगर निगम का इन पर ध्यान नहीं है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।