Move to Jagran APP

महागठबंधन के पक्ष में AAP के बड़े नेता, कांग्रेस ने कहा- दिल्ली मे AAP से कोई नाता नहीं

शर्मिष्ठा मुखर्जी व वरिष्ठ नेता चतर सिंह ने फिर दोहराया है कि 2019 के संसदीय चुनाव में कांग्रेस दिल्ली में AAP से किसी भी प्रकार का चुनावी समझौता नही करेगी।

By JP YadavEdited By: Updated: Fri, 28 Sep 2018 12:44 PM (IST)
Hero Image
महागठबंधन के पक्ष में AAP के बड़े नेता, कांग्रेस ने कहा- दिल्ली मे AAP से कोई नाता नहीं
नई दिल्ली (जेएनएन)। वर्ष 2019 में जहां लोकसभा चुनाव होने वहीं 2020 में विधानसभा चुनाव तय है। ऐसे में महागठबंधन के पक्ष और विपक्ष में बयान लगातार आ रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में जहां कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी  (AAP) से कोई गठबंधन नहीं होगा, वहीं दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा कि महागठबंधन दिल्ली व देशहित में है। 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी व वरिष्ठ नेता चतर सिंह ने फिर दोहराया है कि 2019 के संसदीय चुनाव में कांग्रेस दिल्ली में AAP से किसी भी प्रकार का चुनावी समझौता नही करेगी।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा था कि 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए आप दिल्ली में गठबंधन करेगी, पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शर्मिष्ठा मुखर्जी और चतर सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपने पहले के निर्णय पर आज भी कायम है कि दिल्ली में कांग्रेस इस चुनाव के लिए AAP से कोई समझौता नहीं करेगी।

शर्मिष्ठा ने कहा कि पंजाब में जहां AAP के 20 विधायक व चार सांसद हैं, वहां पर हाल ही में हुए जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनाव में भी AAP का खेल खत्म होता नजर आया।

पंजाब जिला परिषद के चुनाव में कुल 353 सीटों में से कांग्रेस 331 सीटों पर जीती है जबकि आप ने कोई सीट नही जीती। इसी प्रकार ब्लॉक में 2899 सीटें थीं जिनमें से कांग्रेस ने 2350 सीटे जीतीं जबकि आप केवल 20 सीटों पर ही सिमट कर रह गई। दिल्ली में भी नगर निगम 2017 के चुनाव में उसका वोट फीसद 56 से कम होकर केवल 26 फीसद रह गया। जबकि कांग्रेस का वोट फीसद 9.5 प्रतिशत से बढ़कर 26 फीसद हो गया। दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में भी आप की छात्र इकाई का वोट फीसद केवल 12 रह गया जबकि नोटा को 11 फीसद वोट मिले।

वहीं, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि अगर महागठबंधन होता है तो यह दिल्ली व देश के हित में होगा। आम आदमी पार्टी को भी इसमें शामिल होना चाहिए। गोयल विधानसभा परिसर में विट्ठल भाई पटेल और भगत सिंह की जन्मशती पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

हालांकि इसी दौरान गोयल ने यह भी कहा कि दिल्ली में उनकी पार्टी किसी के साथ कोई गठबंधन करने नहीं जा रही। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिडलान, कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम और गोपाल राय भी मौजूद थे। मालूम हो कि गोयल का यह बयान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस बयान से एकदम विरोधाभासी है। शिवरात्रि के अवसर पर रोहतक पहुंचे केजरीवाल ने कहा था कि चुनावी गठबंधन निजी स्वार्थ पूर्ति के लिए किए जाते हैं, इसलिए AAP किसी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।