Move to Jagran APP

दिल्ली देहात का वजूद खत्म करने की साजिश, जनता भाजपा व 'आप' को सिखाएगी सबक

रैली में नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो सभी वर्गों के हितों के लिए काम करती है। आने वाले चुनावों में दिल्ली की जनता ने भाजपा व आप को सबक सिखाने का मन बना लिया है।

By Edited By: Updated: Mon, 01 Oct 2018 04:04 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली देहात का वजूद खत्म करने की साजिश, जनता भाजपा व 'आप' को सिखाएगी सबक

नई दिल्ली (जेएनएन)। बवाना में रविवार को आयोजित ललकार रैली में सीलिंग के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा व दिल्ली की 'आप' सरकार को ललकारा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि राजधानी में हो रही गैर कानूनी सीलिंग बढ़ती बेरोजगारी व कमरतोड़ मंहगाई की वजह बन रही है। उच्चतम न्यायालय के आदेश की आड़ में भ्रष्टाचार हो रहा है। केन्द्र व दिल्ली सरकार के खिलाफ कांग्रेस पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी करेगी।

भीड़ देख उत्साहित नजर आए नेता 
माकन ने बवाना औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉटों को बिना शर्त फ्री होल्ड करने की मांग करते हुए कहा कि दिल्ली और केन्द्र में आई गैर कांग्रेसी सरकारों ने कोई भी नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित नहीं किया, जबकि कांग्रेस ने 54 औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए। उन्होंने कहा कि आज भी हजारों लोगों के औद्योगिक प्लॉट लेने संबंधी आवेदनों का निपटारा नहीं किया जा रहा है। बिना वैकल्पिक प्लॉट दिए उद्योगों को उजाड़ा जा रहा है। रैली में लोगों की भीड़ देख कांग्रेस के नेता उत्साहित नजर आए। इस दौरान उद्यमियों ने लीज रद करने के नोटिसों की होली भी जलाई।

भाजपा व 'आप' को सबक सिखाएगी जनता 
अभियान समिति के संयोजक मुकेश शर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने बवाना औद्योगिक क्षेत्र में लीज रद करने के नोटिसों को बिना शर्त वापस नहीं लिया तो हजारों लोग भुखमरी के शिकार हो जाएंगे। कांग्रेस इस बाबत जारी आंदोलनों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगी। उन्होंने कहा कि सीलिंग के मसले पर भाजपा व 'आप' दोनों ही पार्टियां लोगों को धोखा देने का काम कर रही हैं। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो सभी वर्गों के हितों के लिए काम करती है। ऐसे में आने वाले चुनावों में दिल्ली की जनता ने भाजपा व 'आप' को सबक सिखाने का मन बना लिया है।

दिल्ली देहात का वजूद खत्म करने की साजिश
पूर्व सांसद सज्जन कुमार ने कहा कि लाल डोरे में नगर निगम व दिल्ली सरकार द्वारा की जा रही गैर कानूनी सीलिंग दिल्ली देहात का वजूद खत्म करने की साजिश है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। रैली की अध्यक्षता पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार ने की। उन्होंने राजीव रत्न आवास योजना के तहत निर्मित फ्लैटों को तत्काल प्रभाव से मजदूरों को आवंटित करने संबंधी प्रस्ताव रखा और मांग की कि इस दिशा में सरकार जल्द कार्रवाई करे।  

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।