Move to Jagran APP

विवाहेत्तर संबंधों में महिला टीचर की गोली मार हत्या का संदेह, पति हिरासत में

बताया जा रहा है कि वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब वह सुबह जब अपने स्कूल जा रही थी तो रास्ते में एक हमलावर ने उसे गोलियों से भून दिया।

By JP YadavEdited By: Updated: Mon, 29 Oct 2018 11:05 PM (IST)
Hero Image
विवाहेत्तर संबंधों में महिला टीचर की गोली मार हत्या का संदेह, पति हिरासत में
नई दिल्ली/सोनीपत, जेएनएन। दिल्ली के बवाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार शुरूआती जांच में पता चला है कि महिला टीचर की हत्या विवाहेत्तर संबंधों की वजह से हुई है। पुलिस की जांच में मृतक शिक्षिका के परिजनों से पूछताछ से यह बात सामने आई है। पुलिस को मृतक की एक डायरी भी मिली है, जिसमें कुछ ऐसी बातें लिखी हैं। डायरी भी हत्या की इसी वजह की तरफ इशारा कर रही है। इसके बाद परिजनों से पूछताछ व जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस ने शिक्षिका के पति को हिरासत में ले लिया है।

मामले की जांच कर रही पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान टीचर सुनीता के रूप में हुई है। सुनीता सोनीपत के फिरोजपुर बांगर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में जेबीटी शिक्षिका थी। बताया जा रहा है कि वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब वह सुबह स्कूल जा रही थीं।

स्कूल जाते वक्त बवाना स्थित गोशाला के पास रास्ते में एक हमलावर ने उन्हें रोककर सरेरहा गोलियों से भून दिया। वह स्कूटी से स्कूल जा रहीं थीं। महिला के घायल होकर सड़क पर गिरते ही आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार हमलावर कितने थे और हत्या किसलिए की गई है, ये अभी स्पष्ट नहीं है।

आसपास लोगों से पूछताछ कर चश्मदीद का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। मामले में महिला के परिवार और स्कूल के लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही सर्विलांस टीम को भी जांच में लगा दिया गया है।

आज स्कूल में किया जाना था सम्मानित
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष व मृतक सुनीता के सहकर्मी विनोद ने बताया कि सक्षम लक्ष्य अभियान में हरियाणा स्तर पर खरखौंदा ब्लॉक के प्रथम आने पर आज (सोमवार को) सुनीता को सम्मानित किया जाना था। वह पांचवीं कक्षा को पढ़ाती थीं। सुनीता को विद्यालय के सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाना था। हालांकि, सम्मनित होने से पहले ही सुनीता दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। स्कूल के स्टाफ सदस्यों का कहना है कि सुनीता बहुत ही मेहनती और मिलनसार थीं। घटना के बाद से स्कूल में भी मातम पसरा हुआ है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।