Move to Jagran APP

हेरोइन कोरियर से विदेश भेजते थे, दो गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से आठ किलो हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए तस्करों में एक नाइजीरिया और दूसरा पंजाब (पटियाला) का रहने वाला है। बरामद हेरोइन की आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर के अलावा पंजाब में होनी थी। सेल का कहना है कि इस गिरोह में भारतीयों के अलावा अफगानिस्तान और अफ्रीकी मूल के नागरिक भी शामिल हैं।

By JagranEdited By: Updated: Mon, 29 Oct 2018 09:49 PM (IST)
Hero Image
हेरोइन कोरियर से विदेश भेजते थे, दो गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से आठ किलो हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए तस्करों में एक नाइजीरिया और दूसरा पंजाब (पटियाला) का रहने वाला है। बरामद हेरोइन की आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर के अलावा पंजाब में होनी थी। सेल का कहना है कि इस गिरोह में भारतीयों के अलावा अफगानिस्तान और अफ्रीकी मूल के नागरिक भी शामिल हैं।

स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुमार कुशवाहा के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तस्करों के नाम ऑस्कर और सुरजीत सिंह है। ऑस्कर (38) नाइजीरिया का रहने वाला है। वह मार्च 2017 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। वीजा समाप्त होने के बाद वह नहीं लौटा। पश्चिम दिल्ली में रहने वाले नाइजीरियाई मूल के ड्रग्स तस्करों के संपर्क में आकर वह ड्रग्स तस्करी करने लगा। आरंभ में उसने तस्करों के लिए बिचौलिया का काम किया। नेटवर्क बनाने के बाद उसने खुद तस्करी शुरू कर दी। छह महीने पूर्व वह सुरजीत से जुड़ा और दोनों तस्करी करने लगे।

स्पेशल सेल ड्रग्स तस्करों के कई गिरोहों का पर्दाफाश कर उनसे 130 किलो हेरोइन बरामद कर चुकी है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर और पंजाब सीमा के जरिये कोरियर से हेरोइन भारत लाई जाती है। वहां से ऑस्कर हेरोइन लेकर उसे दिल्ली-एनसीआर व पंजाब में आपूर्ति करता था। सुरजीत से परिचय होने पर उसे भी इस धंधे में शामिल कर लिया था। छह माह में दोनों दिल्ली-एनसीआर में 90 किलो हेरोइन की आपूर्ति कर चुके थे।

पूछताछ में ऑस्कर ने बताया कि वह कोरियर के जरिये हेरोइन कनाडा, इंग्लैंड, फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका भी भेज चुका है। 23 अक्टूबर को सेल को सूचना मिली कि ड्रग्स तस्कर सुरजीत सिंह महरौली बदरपुर रोड पर सैदूलाजाब बस स्टैंड के पास ऑस्कर से हेरोइन लेने आने वाला है। ऑस्कर ने जैसे ही उसे हेरोइन सौंपी, सेल की टीम ने उसे दबोच लिया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।